कचौड़ी, जलेबी की दुकानों को भी मिले खोलने की अनुमति
फोटो-एमटीएच-117 -प्रशासन ने व्यापारियों से बाजार खोलने के लिए मांगे सुझाव -व्यापारियों ने शासनादेश के अनुसार बाजार खोलने मांग की
संवाद सहयोगी, मथुरा : अनलॉक-1 में केंद्र सरकार ने बाजार खोलने की अनुमति दी है। प्रशासन तय कर रहा है कि बाजार किस तरह खोले जाएं। बुधवार को प्रशासन ने कलक्ट्रेट स्थित सभागार में व्यापारियों के साथ बैठक कर सुझाव मांगे। सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार, एसपी सिटी अशोक कुमार मीणा ने व्यापारियों के साथ बाजार खोलने पर चर्चा की।
अनलॉक-1 में सरकार ने सुबह नौ से रात नौ बजे तक बाजार खोलने की अनुमति दी है। बुधवार को हुई बैठक में व्यापारियों ने अपने-अपने सुझाव रखे। नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल, नगर अध्यक्ष अजय चतुर्वेदी, युवा जिलाध्यक्ष जितेंद्र प्रजापति ने सरकार की गाइड लाइन के अनुसार सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक प्रतिदिन बाजार खोलने की मांग उठाई। इसके अलावा व्यापारियों ने कचौड़ी, जलेबी, चाट की दुकान खोलने की अनुमति देने की मांग की। वृंदावन के व्यापारियों ने मंदिर के समयानुसार सुबह सात बजे से बाजार खोलने की आवाज उठाई। व्यापारियों का कहना था कि लॉकडाउन के कारण सभी की कमर टूट गई है। ऐसे में बाजारों के साथ ढकेल वालों को अनुमति देना आवश्यक है। वहीं सराफा व्यापारियों ने सुरक्षा के ²ष्टिगत शाम सात बजे तक बाजार खोलने की बात की। इस पर अन्य व्यापारियों ने कहा कि बाजार नौ बजे तक खुलना चाहिए, सराफा व्यापारी अपनी दुकान सात बजे बंद कर सकते हैं। लॉकडाउन में व्यापारियों पर महामारी उल्लंघन में लगे मुकदमे वापस लेने की मांग की। अंशुल अग्रवाल, आलोक बंसल, सुरेंद्र सैनी, बॉबी अग्रवाल, देवेंद्र मित्तल, अंकित, कन्हैया, विजय राघव आदि मौजूद रहे।