पीएम मोदी की पत्नी जशोदा बेन ने गिरिराजजी की पूजा अर्चना की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पत्नी जशोदा बेन ने आज ब्रज की धरती पर आकर गोवर्धन इलाके में दानघाटी गिरिराज की पूजा अर्चना की।
मथुरा (जेएनएन)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पत्नी जसोदा बेन मंगलवार को गिरिराजजी की शरण में पहुंचीं। यहां उन्होंने दानघाटी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने गिरिराज की धरा पर आना अपना सौभाग्य बताया। वह राजनीतिक चर्चा करने से परहेज करती रहीं। यहां से वह हाथरस में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हो गईं। जसोदा बेन मंगलवार को राजस्थान के अलवर जिले से हाथरस में एक विवाह समारोह में शिरकत करने के लिए जा रही थीं। इस बीच वह गोवर्धन में रुकीं।
जसोदा बेन ने गोवर्धन दानघाटी मंदिर पर गिरिराजजी का दुग्धाभिषेक किया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि गिरिराज जी पूजा अर्चना से उनके मन को बड़ी शांति मिली है। ब्रजभूमि में वह पहले भी दो बार आ चुकी हैं, लेकिन गिरिराजजी महाराज की पूजा का सौभाग्य पहली बार प्राप्त हुआ।
हाथरस में पीएम की पत्नी को ब्राह्मण समाज के लोगों ने भगवान परशुराम की तस्वीर भेंट की। जशोदा बेन भाजपा नेता मुन्ना प्रधान के करीबी बृजमोहन कौशिक के छोटे भाई मनमोहन के शादी समारोह में शामिल हुई हैं। वे गाड़ी से मुन्ना प्रधान के पेंठ गांव पहुंची। ब्रज की धरती पर पहुंचने पर हाथरस, मथुरा और गोवर्धन में बड़ी संख्या में राजनीतिक और सामाजिक लोगों ने पीएम मोदी की पत्नी जशोदा बेन का स्वागत किया।