Janmashtami 2026: कान्हा के स्वागत को सज गई मथुरा नगरी, चमक रहीं सड़कें और चौराहे
जन्माष्टमी 2026 के लिए मथुरा नगरी कान्हा के स्वागत में दुल्हन की तरह सज गई है, सड़कें और चौराहे रंग-बिरंगी ...और पढ़ें
HighLights
मथुरा नगरी कान्हा के जन्मोत्सव के लिए दुल्हन सी सजी।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर अभिषेक के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे।
जागरण संवाददाता, मथुरा। Janmashtami 2026 पर नटवर नागर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर ब्रज में खुशियां छाई हैं। कान्हा के स्वागत के लिए उनकी अपनी नगरी भी चमक रही है। सड़क से लेकर चौराहों तक रंग-बिरंगी झालरों से सजे हैं। दुल्हन की तरह सजे शहर में श्रद्धालुओं का भी आगमन शुरू हो गया है।
सबकी इच्छा बस अपने कान्हा के दर्शन की है। जब कंस की कारा में कन्हाई का जन्म हुआ तब घनघोर वर्षा हुई। अब फिर कान्हा के जन्म की लीला से पहले बादल बरस रहे हैं। बुधवार दोपहर करीब डेढ़ घंटे तेज वर्षा के बाद गुरुवार सुबह से वर्षा हो रही है।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान रंग-बिरंगी रोशनी से झिलमिला रहा है, तो जन्मस्थान जाने वाले रास्तों पर भी सजावट ऐसी है कि मनमुग्ध हो जाए। भूतेश्वर तिराहा, गोवर्धन चौराहा, स्टेट बैंक चौराहा भी रंग-बिरंगों कपड़ों से सजे हैं। गुरुवार सुबह से ही जन्मस्थान पर श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंचने लगी है।
भले ही श्रीकृष्ण जन्माष्टमी चार सितंबर को है। रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर आराध्य का अभिषेक होगा, लेकिन उससे पहले ही विभिन्न प्रांतों से हजारों श्रद्धालु जन्मस्थान पहुंचने लगे हैं।
कोई ब्रजभूमि में कदम रखते ही आल्हादित है, कोई उस जन्मस्थान की देहरी छूकर खुद को सौभाग्यशाली मान रहा है, जहां द्वापर में कान्हा ने जन्म लिया था। जैसे-जैसे दिन चढ़ रहा है, श्रद्धालुओँ की भीड़ बढ़ रही है।
