विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मथुरा में जल जीवन मिशन इंजीनियर की सड़क हादसे में मौत, ट्रैक्टर ने बाइक को रौंदा

By Jitendra Kumar Gupta Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 14 Oct 2026 07:56 PM (IST)

मथुरा के सुरीर में खैर-टैंटीगांव मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में ...और पढ़ें

दुर्घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और लोग।

दुर्घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और लोग।

संवाद सूत्र, सुरीर (मथुरा)। खैर-टैंटीगांव मार्ग पर गांव सुदामागढ़ी के समीप बुधवार दोपहर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक बाइक को रौंद दिया। इससे बाइक पर सवार जलजीवन मिशन निर्माण कार्य के ठेकेदार के साथ काम कर रहे प्राइवेट इंजीनियर की मृत्यु हो गई और साथी सुपरवाइजर युवक गंभीर घायल हो गया।

रघुनाथ गिरी निवासी रुस्तम मोर मेन रोड डुलकी जिला दक्षिण 24 परगना पश्चिम बंगाल गांव भदनवारा में जलजीवन मिशन योजना के तहत निर्माण करा रहे एक ठेकेदार के साथ प्राइवेट इंजीनियर के रूप में कार्य कर थे। वह बुधवार दोपहर दो बजे अपने सुपरवाइजर साथी शंकर निवासी गांव डेल्वा थाना मरकच्चो जिला कोडरमा झारखंड के साथ टैंटीगांव की ओर से बाइक पर गांव भदनवारा जा रहे थे।

रास्ते में गांव सुदामा गढ़ी के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को बुरी तरह रौंद दिया। हादसे में उनकी बाइक काफी दूर तक ट्रैक्टर के साथ घिसटती चली गई। इससे इंजीनियर रघुनाथ गिरी और सुपरवाइजर साथी शंकर राणा बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर को लेकर मौके से भाग गया।

सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को तुरंत उपचार के लिए नजदीक हेतन हास्पिटल ले गए। जहां डाक्टरों ने इंजीनियर रघुनाथ गिरी को मृत्यु घोषित कर दिया। जबकि घायल शंकर राणा की हालत गंभीर बनी हुई है। जलजीवन मिशन योजना के प्रबंधक अशोक ठाकुर का कहना है कि जिस ठेकेदार के साथ यह लोग काम कर रहे थे, उसे करीब एक माह पहले हटा दिया है।

इससे जलजीवन मिशन से इनका अब कोई सबंध नहीं है। वहीं सुरीर थाना प्रभारी अरुण कुमार का कहना है कि हादसे में मृत्यु इंजीनियर के स्वजन को इस बारे में सूचना दे दी है, वह पश्चिमी बंगाल से मथुरा आ रहे हैं।