आसमां से बरसे फूल, गूंज उठा हरे कृष्ण-हरे राम
धूमधाम से मना भक्ति प्रज्ञान केशव गोस्वामी महाराज का 50 वां तिरोभाव महामहोत्सव
जागरण संवाददाता, मथुरा: रविवार को कृष्ण नगरी का नजारा विहंगम था। चहुंओर हरे कृष्ण हरे राम गूंज रहा था। भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचने की होड़ मची थी। हेलीकॉप्टर आसमां से पुष्पवर्षा कर रहा था। देश भर से आए बैंड की धुन पर भक्त मदमस्त होकर झूम रहे थे।
मौका था भक्ति प्रज्ञान केशव गोस्वामी महाराज का 50 वें तिरोभाव महामहोत्सव का। इसको लेकर 22 से 29 सितंबर तक भागवत चल रही थी और रविवार को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई। शुभारंभ रालोद के जिलाध्यक्ष कुंवर नरेंद्र ¨सह और बसपा नेता महेंद्र चौधरी ने आरती उतार किया। रथयात्रा इतनी भव्य थी मानों साक्षात भगवान जमीं पर दर्शन देने आ गए हों। रथ पर जगन्नाथ, सुभद्रा और बलदेव विराजमान थे। उनके दर्शन को भक्तों का उत्साह देखने लायक था। भगवान के रथ को खींचने का सौभाग्य कोई नहीं खोना चाह रहा था। वहीं, आसमां से हेलीकॉप्टर से बरसते फूलों ने भक्तों का उत्साह दोगुना कर दिया। यात्रा में करीब 20 सुंदर झांकियां और एक दर्जन बैंड शामिल थे। यात्रा होली गेट, भरतपुर गेट, डीग गेट, मंडी रामदास, चौक बाजार, छत्ता बाजार से होकर वापस गौड़ियमठ आकर समाप्त हुई। यात्रा में भक्ति वेदांत माधव गोस्वामी महाराज, वन महाराज प्रद्युम्न महाराज, नार ¨सह महाराज, रामचंद्र प्रभु, देवानंद प्रभु, श्याम प्रभु, सुशील सक्सेना आदि शामिल रहे।
-------
रात दो बजे मिली अनुमति: मठ द्वारा हेलीकॉप्टर को बुलाने के लिए काफी कवायद करनी पड़ी। एक दिन पहले प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी। कारण जिस मार्ग से होकर हेलीकॉप्टर गुजरना था वहां की इमारतें जीर्ण-क्षीर्ण हैं। हालांकि मठ द्वारा काफी समझाने के बाद इसकी अनुमति रात करीब दो बजे दे दी गई।