मथुरा में रालोद को रौंदकर खिला जीत का कमल
भाजपा प्रत्याशी हेमामालिनी ने दूसरी बार जीती सीट महागठबंधन की ताकत के बाद भी रालोद का गणित फेल
मथुरा, जासं। मथुरा लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी हेमामालिनी ने रालोद के नरेंद्र सिंह को भारी मतों से हराकर जीत को गले लगाया। उन्होंने सभी वर्गों का वोट हासिल किया। एक बार बढ़त बनाने के बाद उन्होंने फिर पीछे नहीं देखा। हेमामालिनी ने कहा कि यह उनके काम और मोदी के नाम की जीत है।
मंडी समिति स्थित मतगणना स्थल पर सुबह करीब 8:20 पर स्ट्रॉन्ग रूम खोला गया। डीएम सर्वज्ञराम मिश्रा, रालोद प्रत्याशी नरेंद्र सिंह और आब्जर्वर की मौजूदगी में ईवीएम को बाहर निकाला। सबसे पहले पोस्टल वोट की गिनती हुई। पांचों विधानसभाओं की अलग-अलग गिनती के लिए पांच पंडाल बनाए गए। इनमें गिनती के लिए 14 टेबल की व्यवस्था की गई। सुबह करीब 8:30 पर वोटों की गिनती शुरू हुई। रालोद प्रत्याशी नरेंद्र सिंह सुबह ही और भाजपा प्रत्याशी हेमामालिनी 11 बजे के करीब मतगणना स्थल पर पहुंचीं।
सबसे पहले गोवर्धन विधानसभा के पहले राउंड का परिणाम आया। पहले ही परिणाम में हेमामालिनी ने प्रतिद्वंद्वियों से बढ़त बना ली। इस राउंड में रालोद प्रत्याशी कुंवर नरेंद्र सिंह को 3062, भाजपा प्रत्याशी को 3112 और कांग्रेस प्रत्याशी को 113 मत हासिल हुए। इसके बाद हेमामालिनी हर विधानसभा और हर चरण में बढ़त बनाती गईं। साढ़े तीन बजे खबर लिखे जाने पर मांट विधानसभा के 13, छाता विधानसभा के 22, गोवर्धन विधानसभा के 16, मथुरा विधानसभा के 15 और बलदेव विधानसभा के पांच राउंड समाप्त होने तक कुल पड़े 10 लाख 88 हजार मतों में से सात लाख 7 लाख 51 हजार 846 मतों की गिनती की जा चुकी थी। हेमामालिनी ने कहा कि वह दूसरी बार सांसद चुनी गई हैं तो अधूरे रहे कामों को पूरा कराएंगी। कुल पड़े मत-10, 88,206
अब तक गिने गए मत 7,51,846
हेमामालिनी भाजपा 4,67,333
नरेंद्र सिंह रालोद 2, 49, 776
महेश पाठक कांग्रेस 16620
नोटा 3976