आश्रय सदन में वृद्धा की मौत की नहीं सुलझी गुत्थी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जलने से मौत की पुष्टि
संवाद सहयोगी, वृंदावन: महिला आश्रय सदन में निराश्रित वृद्ध जलकर हुई मौत की गुत्थी दूसरे दिन सोमवार को भी नहीं सुलझ सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जलने से हुई थी। वृद्धा कैसे जली। इस रहस्य को पुलिस अभी उजागर नहीं कर पाई।
चैतन्य विहार कालोनी के महिला आश्रय सदन के सीताराम सदन में रह रही वृद्धा गायत्री डे का जला हुआ शव छत के बरामदे में मिला था। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल गई। रिपोर्ट के मुताबिक, वृद्धा की मौत का कारण जलने से बताया गया है। इसकी गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस ने अब तक दो दर्जन से अधिक निराश्रित महिलाओं से पूछताछ भी की है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि महिला ने आश्रय सदन में रह रही महिला को कुछ धनराशि उधार दी थी। उससे लेनदेन को लेकर झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद महिला का शव मिला। शव के पास से पुलिस को एक माचिस मिली थी। इसके अलावा घटनास्थल से कोई अन्य सामग्री बरामद नहीं हुई थी। सवाल यह है, आखिर महिला ने आग कैसे लगाई। आग लगाने के लिए ज्वलनशील पदार्थ भी सदन में कहां से पहुंचा। जबकि सुरक्षा के लिए आश्रय सदन पर पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इन सब सवालों का जवाब पुलिस को नहीं मिल रहा है।
---ये मिल रही सुविधाएं : आश्रय सदन में रह रहीं माताओं को रहने की सुविधा, सुरक्षा, निश्शुल्क चिकित्सा सेवा, 35 किलो खाद्यान्न , सरकार से 2350 रुपये मासिक उनके बैंक खाते में भेजे जा रहे हैं। भोजन अक्षयपात्र फाउंडेशन निश्शुल्क दे रहा है। दानदाता वस्त्र, रजाई-कंबल, नकदी आदि दे रहे हैं। खाद्यान्न और अन्य स्त्रोत से मिलने वाली धनराशि को निराश्रित महिलाएं अपने परिवार को भेज रही हैं। मृतका भी अपने गांव गोपालपुरा जिला बांकुड़ा पश्चिम बंगाल के लिए जाना चाहती थी। इसके लिए ही वह उधार दी गई धनराशि की मांग कर रही थी। -- आश्रय सदन में रहने वाली निराश्रित वृद्धा गायत्री डे के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल गई है। उनकी मौत जलने के कारण हुई थी। वह कैसे जली, इसकी तहकीकात की जा रही है।
----अनुज कुमार, कोतवाली प्रभारी