गोवर्धन रेलवे स्टेशन की खूबसूरती को लगेंगे 'चार चांद', गिरिराज की पावन भूमि पर हजारों भक्त लगाते हैं परिक्रमा
Mathura News In Hindi पर्यटन को बढ़ावा देने को संवरेगा गोवर्धन रेलवे स्टेशन। मथुरा में तीन स्टेशन होंगे 16 करोड़ से विकसित।अमृत भारत स्टेशन योजना में होना है कार्य। हर वर्ष लाखों श्रद्धालु आते हैं मथुरा जनपद।
मथुरा, जागरण टीम। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गोवर्धन रेलवे स्टेशन को संवारा जाएगा। यहां यात्रियों की सुविधा विकसित की जाएंगी। गोवर्धन की परिक्रमा लगाने प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु आते हैं। स्टेशन संवरने से श्रद्धालुओं को सहूलियत होगी। गोवर्धन श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। अमृत भारत स्टेशन योजना में छोटे रेलवे स्टेशनों को भी संवारा जाना है। इस योजना में गोवर्धन रेलवे स्टेशन काे भी विकसित करना है।
हजारों श्रद्धालु लगाते हैं परिक्रमा
गिरिराजजी की महिमा निराली है। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु परिक्रमा लगाने आते हैं। मुड़िया पूर्णिमा, गोवर्धन पूजा, शरद पूर्णिमा जैसे विशेष आयोजनों पर संख्या लाखों में पहुंच जाती है। इस योजना में स्टेशन पर वेटिंग रूम, प्लेटाफार्म, कार्यालय में फर्नीचर बेहतर किया जाएगा। प्लेटफार्म को सही किया जाएगा। प्लेटफार्म पर बैठने की सुविधा विकसित की जाएंगी। यात्रियों के लिए व्यवस्थाएं कम न पड़ें, इसके दृष्टिगत विकास किया जाएगा। आवश्यकतानुसार लिफ्ट और स्वचालित सीढ़ियां लगाई जा सकती हैं।
16 करोड़ रुपये से है विकास कार्य
गोवर्धन के साथ गोविंदगढ़, डीग रेलवे स्टेशन का भी विकास किया जाएगा। इन स्टेशनों का विकास करीब 16 करोड़ रुपये से होना है। इसके लिए निविदा मांगी गई हैं। इसके बाद डिजायन तैयार की जाएगी। पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव का कहना है कि अमृत भारत स्टेशन योजना में छोटे रेलवे स्टेशनों का विकास होना है। गोवर्धन के साथ डीग, गोविंदगढ़ स्टेशन के विकास की प्रक्रिया शुरू की गई है।