मिला राशन तो खिल उठे चेहरे
महाराजा ग्रुप के सहयोग से दैनिक जागरण ने बांटी झुग्गी झोपड़ी वासियों को राशन सामग्री
जागरण संवाददाता, मथुरा : लॉकडाउन में मेहनत मजदूरी भी बंद हो गई, तो रोटी के लाले पड़ गए। किसी ने राशन दिया, तो चूल्हा जला, वरना भूखे ही सो गए। रविवार को स्टेशन रोड के गोपाल नगर में झुग्गी झोंपड़ी में रहने वालों को दैनिक जागरण ने राशन सामग्री बांटी। रियल एस्टेट कंपनी महाराजा ग्रुप के सहयोग से जरूतमंदों को राशन मिला तो उनके चेहरे पर मुस्कान तैर गई।
यहां करीब 70 परिवार रहते हैं। सभी मेहनत मजदूरी करने वाले हैं। लॉकडाउन में काम-धंधा बंद हो गया है। कुछ स्वयं सेवी संस्थाओं ने मदद की तो कुछ दिन चूल्हा जला। फिर वही हालत। समाजसेवी सतीश शर्मा और जस्टिस फॉर चिल्ड्रंस स्ट्रीट स्कूल की कोऑर्डिनेटर रेखा शर्मा ने इन परिवारों की व्यथा बताई। रविवार सुबह महाराजा ग्रुप के चेयरमैन प्रीतम सिंह के सहयोग से दैनिक जागरण ने शारीरिक दूरी का पालन करते हुए 70 परिवारों को राशन सामग्री वितरित की। ग्रुप के राजकुमार और रेखा शर्मा ने राशन सामग्री परिवारों को सौंपी। जरूरतमंदों की फिक्र
भरतपुर रोड मुड़ेसी स्थित श्री सिद्ध शनि मंदिर के महंत स्वामी विजयानंद सरस्वती सुबह से ही कार्यकर्ताओं के साथ भोजन बनवाने में जुट जाते हैं और फिर स्वयं उसे विभिन्न क्षेत्रों में बांटने निकलते हैं। वाल्मीकि संकल्प वेलफेयर सोसाइटी ने रविवार को होली गेट चौराहा पर महिलाओं व नगर निगम कर्मचारियों को केले व खरबूज वितरित किए।
गोवर्धन : व्यापार मंडल नगर इकाई ने रविवार को तीन स्थानों पर शिविर लगाकर लॉकडाउन में फंसे जरूरतमंदों को खाद्य सामग्री बांटी। टेलीफोन एक्सचेंज, पूर्णिमा होटल व दसविसा मानसी गंगा मनसा देवी मंदिर पर राहत शिविर लगाया गया। अध्यक्ष संजू लाला ने बताया कि लॉकडाउन में लगातार लोगों की मदद की जा रही है। इसमें जिला मंत्री ठाकुर लक्ष्मन सिंह, फतेह सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार सैनी, सुनील पाठक, गोवर्धन प्रेस क्लब के अध्यक्ष परीक्षित कौशिक, कृष्ण चंद्र दुबे, महेश सैनी, मुकुल अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, सुमित शर्मा, नवीन शर्मा, अशोक पाठक, लक्ष्मीकांत, मनोज खंडेलवाल और भोला गोकुलिया ने सहयोग किया।