राधे-राधे बोलकर स्वच्छता का संदेश दे गई हेमा
नगर निगम ने गांधी जयंती पर आयोजित की स्वछता रन रैली पुलिस लाइन से लेकर विकास बाजार तक निकली रैली
मथुरा, जासं। बुधवार को कान्हा की नगरी में शानदार नजारा देखने को मिला। जब कई लोग सोकर भी नहीं उठे थे, तब तक हजारों लोग स्वच्छता की अलख जलाने को एकजुट हो रहे थे। नजारा था नगर निगम द्वारा गांधी जयंती को लेकर आयोजित स्वच्छता रन कार्यक्रम का। जहां सांसद हेमा मालिनी राधे-राधे बोलकर स्वच्छता का संदेश दे गयीं।
पुलिस लाइन मैदान में सुबह करीब छह बजते ही आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हुजूम उमड़ने लगा। इसमें स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थी, बीएसएफ के जवान, विभिन्न सामाजिक संगठन एकजुट होने लगे। जैसे-जैसे समय बढ़ता जा रहा था, वैसे-वैसे मैदान भरता जा रहा था। भारत माता और स्वच्छता के नारे लगातार लग रहे थे। लगभग 7.30 बजे सांसद हेमा के आते ही ये शोर और तेज हो गया। सांसद ने अपना भाषण राधे-राधे से शुरू करते हुए कहा कि आप बच्चों को बड़ों से ज्यादा समझ है। आपको यह पढ़ाया जाता है कि कैसे अपने घर, अपने मुहल्ले को साफ सुथरा रखना है। इसलिए सिगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करें, साफ-सुथरा भोजन करें। आज गांधी जयंती पर हम सब यह संकल्प लेते हैं। ये संदेश सब जगह जाना चाहिए। सांसद ने भारत माता की जय के साथ संबोधन खत्म किया।
इसके बाद रैली पुलिस लाइन से होते हुए विकास बाजार पहुंची। यहां गांधी जी की प्रतिमा पर मेयर डॉ. मुकेश आर्यबंधु, नगरायुक्त रविद्र कुमार आदि द्वारा पुष्पअर्पित किए गए। यहां कांग्रेसी भी मौजूद थे। इस दौरान छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। स्वच्छ्ता रन कार्यक्रम में डीएम सर्वज्ञ राम मिश्र, एसएसपी शलभ माथुर, भाजपा महानगर अध्यक्ष चेतन स्वरूप पाराशर, प्रसिद्ध नृत्यांगना गीतांजलि शर्मा के अलावा डूडा के कर्मचारी, प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय संस्थान के सदस्य, संस्कृति विवि अमरनाथ कॉलेज के छात्र-छात्रा शामिल हुए।
--
उठ गए तीन बजे: स्वच्छता कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर अधिकारी बेचैन दिखे। कई सुबह होने से पहले ही जाग गए। नगरायुक्त ने बताया कि वे इसके लिए सुबह तीन बजे उठ गए। कार्यक्रम को सफल बनाने का तनाव भी था। मगर, सबकुछ बहुत अच्छा हो गया। सेल्फी का क्रेज: सांसद हेमा मालिनी को लेकर लोग काफी उत्साहित दिखे। उनके साथ लगातार सेल्फी लेने का क्रेज बना रहा। उनके गाड़ी में बैठने तक लोगों उनके साथ सेल्फी लेते रहे। सांसद ने भी उन्हें निराश नहीं किया।