कोसी में पेड़ पर झूलता मिला अपहृत ट्रांसपोर्टर का शव
छह दिन पहले घर के बाहर से हो गए थे लापता, करीब तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा शव
संवाद सूत्र, कोसीकलां: मथुरा से छह दिन पहले अपहृत ट्रांसपोर्टर का शव कोसी में शनिवार शाम को पेड़ पर लटकता मिला। शव तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने प्रतिद्वंद्वी ट्रांसपोर्टर शिवराज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए हत्या की आशंका जाहिर की थी।
रुक्मणि विहार कॉलोनी निवासी ट्रांसपोर्टर अशोक अग्रवाल और राधाटाउन बाद गांव निवासी ट्रांसपोर्टर के शिवराज ¨सह में 19 सितंबर को विवाद हो गया था। विवाद का कारण शिवराज के टैंकर से कोसीकलां में बैटरी चोरी होना बताया गया था। शिवराज ने अशोक के टैंकर चालक पर बैटरी चोरी का आरोप लगाया था। विवाद खत्म करने के लिए अशोक ने हालांकि दूसरी बैटरी शिवराज को दे थी।
सात अक्टूबर की शाम अशोक अग्रवाल लापता हो गए थे। उनके भाई सुरेश ने शिवराज के खिलाफ कृष्णानगर रिपोर्टिंग पुलिस चौकी पर अशोक के अपहरण की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें उन्होंने अपने भाई की हत्या की आशंका भी जताई थी। कोतवाली पुलिस ने शिवराज को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद छोड़ दिया।
शनिवार शाम को कोटवन पुलिस चौकी के पीछे रेलवे लाइन किनारे एक पेड़ पर एक शव झूलता दिखाई दिया। शव करीब तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने शव की पहचान अशोक अग्रवाल के रूप में की। पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक के पुत्र हर्ष और पत्नी हेमा ने शिवराज पर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना था कि पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया। एसपी सिटी श्रवण कुमार ¨सह ने बताया कि पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट मिलने पर मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा।