जल्द शुरू होगा वेटेरिनरी में फिशरीज कॉलेज
प्रदेश के पशुधन, मत्स्य एवं संपत्ति राज्यमंत्री जय प्रकाश निषाद ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय वेटेरिनरी कालेज में स्थापित फिशरीज कालेज जल्द ही शुरू कराने के प्रयास किए जाएंगे।
मथुरा: प्रदेश के पशुधन, मत्स्य एवं राज्य संपत्ति राज्यमंत्री जय प्रकाश निषाद ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय वेटेरिनरी कॉलेज में स्थापित फिशरीज कॉलेज जल्द ही शुरू कराने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने पांच राज्यों में मिली भाजपा की हार पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजय रथ अभी रुका नहीं है। 2019 के चुनाव में भाजपा फिर से केंद्र में सरकार बनाएगी।
वेटेरिनरी कॉलेज के गेस्ट हाउस में पत्रकारों से वार्ता में राज्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में दस से पंद्रह साल तक भाजपा का सुशासन रहा, यहां जो वोट पड़ा वह एंटी इन्कंबेंसी के कारण पड़ा। ऐसा भी नहीं कि इन राज्यों में पार्टी का प्रदर्शन बहुत खराब रहा हो और कांग्रेस को एक तरफा बहुमत मिला हो। पार्टी इस चुनावी हार पर मंथन कर रही है। मध्य प्रदेश में चार से पांच सीट से पीछे रह जाने और राजस्थान में 74 सीटें मिलने से यह तो तय है कि भाजपा का लोकसभा में प्रदर्शन बेहतर रहेगा।
एससी-एसटी एक्ट के संशोधन को चुनाव में जनता द्वारा नकार देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है। यह अकेला एक्ट नहीं है, कई अन्य सारे निर्णय हैं जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने लिए। इनके दूरगामी परिणाम सामने आएंगे तब जनता को समझ आएगा कि यह उनके लिए कितने फायदेमंद हैं। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर का संकल्प भी दोहराया। मंत्री यहां निजी समारोह में आए थे, इससे पूर्व उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ कार्यों की प्रगति जानी और बांके बिहारी मंदिर सहित अन्य मंदिरों के दर्शन किए।