गहवरवन में धूमधाम से मना मानबिहारी लाल पाटोत्सव
पाटोत्सव के दौरान नंदगांव बरसाना के गोस्वामियों ने किया समाज गायनब्रजयात्रा से लौटते ही 2006 में चोरी हुए थे मानबिहारी लाल
(मथुरा), बरसाना: बरसाना के गहवर वन स्थित मानगढ़ में ठाकुर मानबिहारी लाल का 12 वां पाटोत्सव ब्रज के पद्मश्री विभूषित संत रमेश बाबा के सानिध्य में मनाया गया। इसमें नंदगांव बरसाना के गोस्वामी समाज द्वारा संयुक्त रूप से समाज गायन किया गया। संत रमेश बाबा ने सभी गोस्वामीजनों का स्वागत किया।
राधारानी ब्रजयात्रा चौरासी कोस की परिक्रमा से लौटते ही 16 नवंबर 2006 को मान मंदिर से ठाकुर मानबिहारी लाल का श्रीविग्रह चोरी हो गया था। बरसाना पुलिस ने ठाकुर मानबिहारी लाल के श्रीविग्रह को 30 नवंबर 2006 को पश्चिम बंगाल के बांग्लादेश बॉर्डर के गांव से बरामद कर लिया। श्रीविग्रह के वापस आने के बाद ब्रज के विरक्त संत रमेश बाबा ने पाटोत्सव मनाने का एलान किया। उसके बाद से हर वर्ष मान मंदिर में ठाकुर मानबिहारी लाल का पटोत्सव मनाया जाता है। मंगलवार को 12वें पाटोत्सव के दौरान ठाकुर मानबिहारी लाल के विग्रह के समक्ष छप्पन भोग लगाए गए। पाटोत्सव के दौरान मान मंदिर के अध्यक्ष रामजीलाल शास्त्री, कार्यकारी अध्यक्ष राधाकांत शास्त्री, सचिव सुनील सिंह आदि सैकड़ों अनुयायी मौजूद थे।