मथुरा में प्रधान की फैक्ट्री से 50 लाख के चोरी हुए फैबर चिमनी-चूल्हे बरामद, एक गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने मथुरा के कोसीकलां स्थित एक बंद फैक्ट्री से फैबर कंपनी के 50 लाख रुपये के चोरी हुए ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
संवाद सूत्र, कोसीकलां (मथुरा)। फैबर कंपनी के करीब 50 लाख रुपये कीमत के चोरी हुए चिमनी व चूल्हों को दिल्ली पुलिस ने बुधवार रात नवीपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित चंद्रावली फैक्ट्री में दबिश देकर बरामद कर लिया। पुलिस ने एक चोर को भी गिरफ्तार किया है। चोरी का माल बंद फैक्ट्री में करीब 10 दिन से रखा हुआ था।
फैक्ट्री मालिक कोकिलावन चौकी क्षेत्र के गांव सांचौली का प्रधान है। वह एक क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि का करीबी बताया जा रहा है। दिल्ली पुलिस फैक्ट्री मालिक की भूमिका की भी जांच कर रही है। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली जिले के पुल प्रहलादपुर निवासी तुलाराम अपना खुद का ट्रक चलाते हैं। वह बंगाल से फैबर कंपनी के करीब 50 लाख रुपये कीमत के 72 चिमनी और 69 चूल्हे लेकर तीन अक्टूबर की रात दिल्ली पहुंचे थे।
घर के पास ही ट्रक को खड़ा कर दिया। चार अक्टूबर की सुबह ट्रक नहीं मिलने पर उन्होंने पुल प्रहलादपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की जांच के दौरान चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस प्रयास कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि चोरी के माल को कोसीकलां क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक बंद केमिकल फैक्ट्री में रखा गया है।
दिल्ली पुलिस ने बुधवार रात को नवीपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित चंद्रावली फैक्ट्री में दबिश दी। पुलिस ने यहां से चोरी पूरा माल बरामद कर लिया। मौके से आरोपित सानू निवासी गांव जरैठा थाना जरीफ नगर जिला बदायूं को गिरफ्तार कर लिया। बंद फैक्ट्री के मालिक सोनू उर्फ श्याम सुंदर चौधरी गांव सांचौली के प्रधान हैं। वह एक क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि के करीबी बताए जा रहे हैं।
उन्होंने पुलिस को बताया कि यह माल उनके भतीजे माधव ने 10 दिन पूर्व फैक्ट्री में रखवाया था। यह माल उनके दोस्त सानू का है। बताया जा रहा है कि पकड़ा गया सानू शातिर है, उसके गिरोह में हरियाणा के अन्नू चौधरी समेत कई लोग शामिल हैं। पुलिस को अभी ट्रक नहीं मिला है। पकड़े गए शातिर से पूछताछ के बाद ट्रक चोरी की वारदात में शामिल लोगों के नाम प्रकाश में आ सकेंगे।
फैक्ट्री मालिक की भूमिका की भी दिल्ली पुलिस जांच कर रही है। कोसीकलां थाना प्रभारी कमलेश सिंह ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने रात को दबिश दी थी। चोरी का माल बरामद करके एक शातिर को पकड़कर अपने साथ ले गई थी।
