कर्मचारियों ने कंपनी पर लगाया उत्पीड़न का आरोप
कोसी: फैक्ट्री में कार्यरत मजदूरों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर पीएफ खातों में जमा नहीं करने और ईएसआइ कार्ड उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया है।
संवाद सूत्र, कोसीकलां: कस्बा के कोसी-नंदगांव रोड स्थित एक कंपनी में कार्य कर रहे कर्मचारियों ने कंपनी पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से शिकायत की है। कर्मचारियों ने न्याय न मिलने पर प्रदर्शन की भी चेतावनी दी है।
गांव बरहाना के समीप स्थित शामकेन मल्टीफेब में काम करने वाले कुछ कर्मचारियों ने जिला प्रशासन को पत्र भेजकर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। कर्मचारियों ने पत्र में बताया कि कंपनी ने कर्मचारियों के बारे में लागू नियमों की घोर अनदेखी की है। कंपनी के अधिकारियों ने न तो उन्हें पहचान पत्र जारी किया है और न ही उपचार के लिए ईएसआइ कार्ड। पिछले एक वर्ष से उनकी तनख्वाह से काटा जा रहा पीएफ भी खातों में जमा नहीं किया गया है। वेतन के नाम पर भी कर्मचारियों को मानकों से बेहद कम वेतन दिया जा रहा है। इस उत्पीड़न के खिलाफ जब कर्मचारी आवाज उठाते हैं तो कंपनी प्रबंधन नोटिस देने का नाटक कर निकाल देते हैं। कर्मचारी संतराम चौधरी ने बताया कि जिन कर्मचारियों को एक से डेढ दशक काम करते हुए हो गए उन्हें भी कोई जानकारी नहीं दी जाती। कंपनी प्रबंधक एमएस शग्गू ने शिकायत को गलत बता आरोपों पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।