नकल मिलने पर कॉलेज की मान्यता होगी खत्म
जेएनएन, मथुरा: उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश चंद शर्मा ने आगामी दिनों में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था के बदलाव पर बोलते हुए कहा कि अब नकल कराने वाले संस्थानों की मान्यता रद होगी।
जेएनएन, मथुरा: उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश चंद शर्मा ने आगामी दिनों में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की तस्वीर उकेरते हुए कहा कि आने वाले दिनों में नकल पकड़े जाने पर छात्र नहीं वह कॉलेज बंद करा दिया जाएगा। अप्रैल से यूपी बोर्ड में लागू होने जा रहे एनसीईआरटी पाठ्यक्रम को उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में एक क्रांतिकारी कदम बताया। प्रधानमंत्री मोदी के कामों की प्रशंसा करते कहा कि वह आसुरी शक्तियों का विनाश कर रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने शनिवार को जिले के गोवर्धन और फरह कस्बे में होने वाले कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने सुबह 10 बजे गोवर्धन में श्रीयमुना कुंज में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया और यमुना भवन का लोकार्पण किया। यदुनाथ गोस्वामी की भागवत कथा में शामिल हुए। यहां गुजरात और यूपी के संबंधों को कृष्ण के भावनात्मक पक्ष से जोड़ते हुए बड़ी सफाई से अपनी बात रखी। कहा कि श्रीकृष्ण ने अपने भक्त के रूप में हमें गुजरात से प्रधानमंत्री दिया है, जो आसुरी शक्तियों का विनाश करते हुए पूरे देश का विकास कर रहा है। यहां से फरह के ¨हदुस्तान कॉलेज पहुंचे डा. शर्मा ने तीन दिवसीय ज्ञान ज्योति 2018 के समापन समारोह में भाग लिया। यहां उन्होंने कहा कि पूरा देश अब उत्तर प्रदेश में एक ऐसी शिक्षा व्यवस्था को देखेगा, जिसमें नकल को कोई स्थान नहीं होगा। अतरौली जैसे नकल कांड इतिहास की बात होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर तंज कर कहा कि हम उन्हें बता देना चाहते हैं कि उत्तर प्रदेश से नकल करने वाले, कराने वाले और सोचने वाले गायब हो जाएंगे।
यूपी बोर्ड में एनसीईआरटी पैटर्न के बाबत उन्होंने कहा कि इस पद्धति में व्यवसायिक शिक्षा को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने फरह के ¨हदुस्तान कॉलेज की व्यवस्था और उसके वातावरण की प्रशंसा करते हुए छात्रों को अपने लक्ष्य पर फोकस करने और माता-पिता की सेवा करने का सूत्र दिया। उन्होंने शारदा ग्रुप के चेयरमैन पीके गुप्ता, वाइस चेयरमैन वाईके गुप्ता आदि से कहा कि कॉलेज में फैकल्टी का चयन करते समय उच्च गुणवत्ता वाले शिक्षकों को ही वरीयता दी जाए।