जन्मभूमि से आज शहीदों के घर जाएगा प्रसाद
नंदोत्सव में 21 डलिया उपहार लुटाए गए, भक्त सबसे ज्यादा बांसुरी को लेकर उत्साहित दिखे
जागरण संवाददाता, मथुरा: जन्मभूमि पर कन्हैया का जन्मदिन तो मन गया अब शहीदों के परिवार के लिए प्रसाद भेजा जाएगा। इसके लिए श्रीकृष्ण सेवा संस्थान ने पहले से बनाई सूची बना ली है। इसमें 1962 से अब तक के 72 शहीद परिवार शामिल हैं।
जन्माष्टमी के बाद जन्मभूमि में धूमधाम से नंद महोत्सव मनाया गया। इस दौरान भक्तों का हुजूम उमड़ा। भक्तों को 21 डलिया उपहार लुटाए गए। इसमें घड़ी, बांसुरी, फल आदि वितरित किए गए। इसमें भक्त सबसे ज्यादा बांसुरी को लेकर उत्साहित दिखे। उसे लूटने की होड़ मच गई। इसको देखते हुए अगली बार श्रीकृष्ण सेवा संस्थान के पदाधिकारी सबसे ज्यादा बांसुरी ही मंगवाएंगे। इस बार श्रद्धालुओं को छोटे बैगों में पैसे रखकर भी बांटे गए।
श्रीकृष्ण सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि संस्थान ने इस बार जिले के शहीद परिवार के यहां जन्मभूमि से प्रसाद भेजने का निर्णय है। इसके तहत बुधवार को जन्मभूमि के कर्मचारी प्रसाद लेकर शहीदों के परिवारों के घर जाएंगे। सुबह करीब 10 बजे वैन से 72 शहीदों के परिजनों को प्रसाद जाएगा। संस्थान के सदस्य गोपेश्वर चतुर्वेदी, राजीव श्रीवास्तव, विजय बहादुर, ओमप्रकाश बंसल आदि मौजूद रहे। केशवदेव मंदिर: मल्लपुरा स्थित प्राचीन केशवदेव मंदिर में नंदोत्सव हुआ। भगवान को रत्न जड़ित हार व श्रंगार कर रजत पालना में सेवायत गुसाइयों की ओर से जयकारों के बीच विराजमान किया गया। बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने पालने को झुलाया। वहीं, भक्तों पर उपहारों की बारिश कर दी गई। कार्यक्रम व्यवस्था बिहारीलाल गोस्वामी, श्यामाचरण गोस्वामी, सोहनलाल शर्मा, राकेश शर्मा, विपिन अग्रवाल आदि ने संभाली।