पीडब्ल्यूडी इंजीनियर के घर दिनदहाड़े डकैती, 14 लाख की संपत्ति लूटी
थाना सदरबाजार की पॉश कॉलोनी कृष्णापुरी में बुधवार को दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। दोपहर में पीडब्ल्यूडी के एइ के मकान को अपना निशाना बनाया। नौकर को गन प्वाइंट पर लेकर के करीब चौदह लाख रुपये की संपत्ति लूट ले गए।
जागरण संवाददाता, मथुरा: थाना सदर बाजार की पॉश कॉलोनी कृष्णापुरी में हथियारबंद बदमाशों ने बुधवार को दिनदहाड़े दुस्साहसिक वारदात अंजाम दी। दोपहर आगरा में तैनात पीडब्ल्यूडी के असिस्टेंट इंजीनियर (एई) कैलाश चंद्र गुप्ता के मकान को निशाना बनाया। नौकर को गन प्वाइंट पर लेकर करीब चौदह लाख रुपये की संपत्ति लूट ले गए।
कृष्णापुरी निवासी कैलाशचंद गुप्ता का आवास पूछते हुए पांच लोग आए। दरवाजा खटखटाया तो नौकर रजत ने दरवाजा खोल दिया। युवक कैलाशचंद गुप्ता के संबंध में पूछते हुए अंदर घुस गए। बरेली निवासी रजत के ऊपर बदमाशों ने हथियार तान दिए और उसको पकड़ कर दूसरी मंजिल पर ले गए। यहां किराए पर रह रहे गौरव मिश्रा व पत्नी को बदमाशों ने हथियारों के बल पर खामोश रहने विवश कर दिया। सभी के हाथ पैर बांध कर बाथरूम में डाल दिया।
बदमाशों ने तीनों को बंधक बनाकर जमकर लूटपाट की। अलमारियों और बेड के बॉक्स का सामान भी खंगाला गया। जो भी कीमती वस्तु बदमाशों के हाथ लगी, उसे ले गए। करीब साढ़े चार बजे पुलिस को वारदात की सूचना दी गई। बंधक बने गौरव मिश्रा ने जैसे तैसे अपने आप को मुक्त कर मकान मालिक इंजीनियर को कॉल किया। उन्होंने पड़ोस में रह रहे अपने भाई किशन गुप्ता को घटना की जानकारी दी। बदमाश गौरव मिश्रा के यहां से करीब ढाई लाख और एई के यहां से करीब साढ़े बारह लाख रुपये की संपत्ति लूट ले गए। इसमें नकदी, गहने और कीमती सामान शामिल है। एसपी सिटी अशोक कुमार मीणा ने पीड़ितों से पूछताछ के बाद बताया कि अभी तक पीड़ित ने लूटे गए सामान की सटीक जानकारी नहीं दी है। बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है। तमंचे से चली गोली
पुलिस को बंधक बने रजत और गौरव मिश्रा ने बताया कि लूट के दौरान बदमाशों के तमंचे से एक गोली भी अचानक चल गई और दूसरे बदमाश के लग गई। घटना स्थल पर खून बिखरा हुआ था। गोली कहां लगी है, इसकी जानकारी पीड़ितों को नहीं है, लेकिन आशंका यह यह जाहिर की गई कि गोली से बदमाश मामूली घायल हुआ है।