संस्कृति मेडिमिक्स स्टार्टअप कंपनी देगी उत्तर भारत को स्वास्थवर्धक उत्पाद
केरल के विश्वप्रसिद्ध शांतिगिरी आश्रम के साथ मिलकर संस्कृति विश्वविद्यालय की स्टार्टअप कंपनी संस्कृति मेडिमिक्स प्राइवेट लिमिटेड नवमी को लांच की गई।
जासं, मथुरा: केरल के विश्वप्रसिद्ध शांतिगिरी आश्रम के साथ मिलकर संस्कृति विश्वविद्यालय की स्टार्टअप कंपनी संस्कृति मेडिमिक्स प्राइवेट लिमिटेड नवमी को लांच की गई। पहले चरण में कंपनी उत्तर भारत में शांतिगिरी आश्रम के विश्वभर में लोकप्रिय आयुर्वेद उत्पादों का वितरण करेगी। उच्चकोटि की जड़ी-बूटियों से निर्मित ये औषधियां आनलाइन और दवा विक्रेताओं के काउंटर पर भी उपलब्ध होंगी।
केरल स्थित शांतिगिरी आश्रम की फार्मेसी द्वारा निर्मित औषधियों में आयुर्वेद के सिद्धांतों और फार्मूलों से कोई छेड़छाड़ नहीं की जाती है, बल्कि अत्याधुनिक प्लांट में उनके संरक्षण व संवर्धन का पूरा ख्याल रखते हुए उपभोक्ता तक उच्च गुणवत्तायुक्त उत्पाद पहुंचाना ही उद्देश्य रहा है। केरल का पंचकर्म विश्वप्रसिद्ध है। संस्कृति विवि के स्थापनाकर्ता भारतीय संस्कृति व धरोहर के विस्तार और ख्याति के लिए निरंतर प्रयत्नशील हैं। इसी सोच को आगे बढ़ाने के लिए यहां संस्कृति आयुर्वेदिक मेडिकल एवं यूनानी मेडिकल कालेज की नींव रखी गई थी। संस्कृति विवि के चांसलर सचिन गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया सपने के तहत यह स्टार्ट अप किया जा रहा है। सोच यह भी है कि इसके माध्यम से विद्यार्थियों में उद्यमिता कौशल को भी बढ़ावा दिया जाएगा। कंपनी के साथ विद्यार्थियों को रोजगार भी दिया जाएगा।