धनतेरस पर खनके सिक्के और बर्तन
सवा करोड़ के बर्तन 18 करोड़ रुपये के बिके वाहन 15 करोड़ रुपये तक हुआ ज्वैलरी का कारोबार
संवाद सहयोगी, मथुरा : धनतेरस को लेकर गुरुवार को बाजार की रौनक परवान चढ़ी। हालांकि इस बार धनतेरस दो दिन होने के चलते खरीदारी को लेकर ग्राहकों में असमंजस की स्थिति बनी रही। इसके बाद भी बाजार में दिनभर चांदी के सिक्के और बर्तन खनकते रहे। आटोमोबाइल सेक्टर का पहिया भी खूब घूमा। लोगों ने बर्तनों के साथ सोने-चांदी के सिक्के और जेवरात की जमकर खरीदारी की। शुक्रवार को भी धनतेरस का पर्व मनाया जा रहा है, ऐसे में बाजार दूसरे दिन भी खूब चमकेगा।
दीपावली पर्व को लेकर करीब सात माह से मायूस बैठे व्यापारियों ने धनतेरस पर बाजार को कैश कराने के लिए अपनी दुकानों को सजाकर ग्राहकों के स्वागत के लिए तैयार कर लिया। सुबह बाजार खुलते ही ग्राहकों की चहलकदमी दुकानों पर शुरू हो गई। लोग खरीदारी के लिए सुबह से ही पहुंचने लगे। किसी ने बर्तन तो किसी ने चांदी के सिक्के की खरीदारी की। बाजार में चांदी का सिक्का सात सौ से सात हजार रुपये और नोट 350 रुपये का बिका। सोने-चांदी की बढ़ी चमक: कोरोना काल और महंगाई के बाद भी सराफा बाजार में साने-चांदी की चमक बरकरार रही। राधारानी ज्वैलर्स के मालिक पवन अग्रवाल ने बताया कि धनतेरस का पर्व दो दिन होने से गुरुवार को केवल 10 से 15 फीसद की खरीदारी के साथ लगभग 15 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। शुक्रवार को अच्छी खरीदारी के साथ करीब 60 करोड़ रुपये के कुल कारोबार की संभावना है। हालांकि त्योहार को लेकर ब्रजवासियों का खरीदारी की तरफ अच्छा रुझान है। सराफा बाजार में सबसे अधिक चांदी के सिक्के और लक्ष्मी गणेश की मांग रही। 10 ग्राम चांदी का सिक्का सात सौ तो सौ ग्राम का सिक्का सात हजार रुपये का बिका। वहीं चांदी का नोट 350 रुपये का बिका। बाजार में 24 कैरेट सोने का भाव 52,250 और 22 कैरेट का भाव 49,400 रुपये है। होली गेट स्थित बर्तन कारोबारी संजय गर्ग ने बताया कि धनतेरस पर बर्तन बाजार की रौनक बरकरार है। जिले में धनतेरस पर करीब चार से पांच करोड़ का कारोबार पूरे जिले में होता है। गुरुवार को धनतेरस दोपहर बाद होने के कारण पूरे जिले में करीब 1.25 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। लोगों ने किचन के फैंसी बर्तन सहित पीतल, कांसा, तांबा और पूजा के बर्तनों की भी खरीदारी की। खूब बिके वाहन: धनतेरस पर आटोमोबाइल का बाजार भी खूब गरम रहा। दोपहिया से लेकर चौपहिया वाहन तक की बिक्री पर जिले में करीब 40 करोड़ का कारोबार होता है। जैन हीरो के मालिक प्रणव जैन ने बताया कि गुरुवार को धनतेरस के पर्व पर करीब 10 करोड़ रुपये के दोपहिया वाहन खरीदे गए। वहीं उमा मोटर्स के डायरेक्टर पीयूष चतुर्वेदी ने बताया कि गुरुवार को करीब आठ करोड़ रुपये के चौपहिया बिके। धनतेरस का पर्व दो दिन होने के कारण गुरुवार को बाजार थोड़ा नरम रहा। आटोमोबाइल सेक्टर में शुक्रवार को करीब इतना ही कारोबार और होने की संभावना है।