बिदकी गाय की जंजीर में फंस घिसटता रहा बालक, मौत
गोशाला से बाहर गाय बांध रहा था बालक तभी हुआ हादसा10 मिनट तक बालक को लिए दौड़ती रही गाय
जागरण संवाददाता, वृंदावन: शहर के गौतमपाड़ा की एक निजी गोशाला में अपनी मां के साथ गोसेवा करने पहुंचे सात साल के बालक की जान एक बिदकी गाय के कारण चली गई। गाय बिदकी तो बालक का हाथ उसकी जंजीर में फंस गया। गोशाला में गाय उसे घसीटती रही। दीवार और जमीन से टकराने के कारण बालक की मौत हो गई।
गौतमपाड़ा निवासी संजय बल्लभ गौतम की गोशाला में बंधी गायों की सेवा करने के लिए गौतमपाड़ा में ही रहने वाला भोलू (7) मां रीमा के साथ गया था। बालक एक गाय की जंजीर खोलकर बाहर बांधने के लिए लाया ही था कि तभी गाय बिदक गई। बालक का हाथ जंजीर में फंस गया। गाय दौड़ी तो भोलू भी जंजीर में फंसकर घिसटता रहा। 10 मिनट तक घिसटने के कारण कई बार जमीन और दीवार पर भोलू का सिर टकराया। जब तक गाय शांत हुई, भोलू गंभीर चोट लगने के कारण बेहोश हो गया था। किसी तरह आसपास के लोगों ने जंजीर से बालक का हाथ निकाला और उसे अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी। बालक की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।