Move to Jagran APP

अब दोपहर को आएंगे योगी और शाम तक रहेंगे

सुनरख में रखेंगे चार सौ एकड़ भूमि पर पार्क की आधारशिला, वृंदावन में 31 अगस्त के कार्यक्रम की और तेज हुई तैयारियां

By JagranEdited By: Published: Mon, 27 Aug 2018 11:38 PM (IST)Updated: Mon, 27 Aug 2018 11:38 PM (IST)
अब दोपहर को आएंगे योगी और शाम तक रहेंगे
अब दोपहर को आएंगे योगी और शाम तक रहेंगे

जागरण संवाददाता, वृंदावन: उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद की तीन सौ करोड़ की परियोजनाओं की आधारशिला रखने के लिए 31 अगस्त को वृंदावन आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम समय में कुछ फेरबदल हो सकता है। अब उनके सुबह की बजाय शाम को आने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि अभी लखनऊ से मुख्यमंत्री का मिनट टू मिनट कार्यक्रम नहीं आया है, लेकिन संभावना है कि मुख्यमंत्री दोपहर को वृंदावन पहुंचेंगे और शाम साढ़े पांच बजे तक शिलान्यास समारोह में मौजूद रहेंगे।

loksabha election banner

उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा ब्रज के सुंदरीकरण कार्यों की बनाई गई चार सौ करोड़ रुपये की परियोजनाओं में से तीन सौ करोड़ रुपये की परियोजनाओं को अमली जामा पहनाने के लिए प्रदेश व केंद्र सरकार ने धन आवंटित कर दिया है। 31 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वृंदावन में इन परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। वृंदावन में चार सौ एकड़ भूमि पर एशिया का सबसे बड़ा पार्क बनाने के साथ गिरिराज परिक्रमा का सुंदरीकरण और ब्रज के प्राचीन तीर्थस्थलों के सुंदरीकरण की परियोजनाएं भी शामिल हैं।

ब्रज विकास की इन परियोजनाओं की आधारशिला रखने को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 31 अगस्त की दोपहर को वृंदावन पहुंचेंगे। अक्षय पात्र में सभा को संबोधित करने के साथ मुख्यमंत्री सुनरख में विकसित होने वाले पार्क की आधारशिला रखेंगे। व्यवस्था संभाल रहे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ व भाजपा सूत्रों के अनुसार अब उनका कार्यक्रम दोपहर से शाम तक चलेगा। परिषद

अधिकारियों के पास भी ऐसी ही सूचना बताई जा रही है, लेकिन अभी लिखित में कार्यक्रम नहीं आया है।

-दो जगह बनेंगे हेलीपैड

मुख्यमंत्री योगी अक्षय पात्र परिसर में सभा को संबोधित करने के साथ ब्रज विकास की परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही 1000 बेड के महिला आश्रय सदन का लोकार्पण भी यहीं से करेंगे, लेकिन चार सौ एकड़ भूमि में विकसित होने वाले एशिया के सबसे बड़े पार्क का शिलान्यास मुख्यमंत्री सुनरख की उक्त भूमि पर ही करेंगे। लिहाजा मुख्यमंत्री के लिए दो जगह हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। -25 स्कूलों की लगेंगी झांकियां

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव से पहले आयोजित समारोह में शामिल होने आ रहे मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल अक्षय पात्र में जिले के 25 विद्यालयों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित झांकियां सजाई जाएंगी। -दिखेंगे जन्मोत्सव के रंग

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वृंदावन आगमन पर मंच पर ब्रज संस्कृति की छटा बिखरेगी। स्थानीय कलाकारों द्वारा चरकुला, होली, मयूर नृत्य के अलावा उड़ीसा की सांस्कृतिक टीम द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की लीला पर आधारित नृत्य नाटिका गोटीपुजा की मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी। लखनऊ संस्कृति विभाग द्वारा भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.