एनजीटी को ठेंगा दिखा रात में जल रहा कूड़ा
प्रेममंदिर के सामने कूड़ा एकत्रित कर लगा दी जाती है आग, बढ़ रहा प्रदूषण
जागरण संवाददाता, वृंदावन: देश की राजधानी दिल्ली में प्रदूषण के हालात ये हैं कि दीपावली पर पटाखे चलाए जाने का समय भी तय कर दिया गया है। इसके अलावा तीर्थनगरी में एनजीटी ने कूड़ा न जलाने के सख्त आदेश कर रखे हैं। दो साल पहले कूड़ा जलाए जाने के आरोप में एनजीटी ने जिला प्रशासन और नगर पालिका पर जुर्माना भी लगाया था। बावजूद इसके कूड़ा जलाए जाने का क्रम थमने का नाम नहीं ले रहा।
छटीकरा मार्ग स्थित प्रेम मंदिर के सामने प्लाट में लंबे समय से पूरे इलाके का कूड़ा डाला जा रहा है। इस कूड़े के निस्तारण के लिए रात में आग लगा दी जाती है। कूड़ा इतना एकत्रित हो जाता है कि जलने के बाद इसका धुंआ न केवल प्रेममंदिर की इमारत को नुकसान पहुंचा रहा है बल्कि आसपास के इलाके में रह रहे लोगों के लिए भी खतरा बना हुआ है। नगर निगम वृंदावन जोन के संयुक्त नगर आयुक्त सतेंद्र तिवारी कहते हैं कि परिक्रमा मार्ग के बाहर प्रेममंदिर का जो इलाका है, वह निगम के अंतर्गत नहीं आता है। इस इलाके की जिम्मेदारी विकास प्राधिकरण की है। कूड़ा निस्तारण के लिए विप्रा को उपाय करने चाहिए। विप्रा उपाध्यक्ष नागेंद्र प्रताप कहते हैं कि उनके विभाग के कर्मचारी तो कूड़ा नहीं जलाएंगे। अगर, कूड़ा जलाया जा रहा है तो दिखवाकर कार्रवाई की जाएगी।