बसपा ने एनआरसी पर भाजपा को घेरा, मुस्लिमों पर डाले डोरे
मायावती के जन्मदिन पर हुई सभा काटा केक 2022 के चुनाव जीतने का लिया गया संकल्प
जासं, मथुरा : पार्टी की सुप्रीमो मायावती के जन्मदिन पर बसपा ने एनआरसी को मुद्दा बनाकर भाजपा को घेरा और मुस्लिमों पर भी डोरे डाले। मोदी और योगी सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए पार्टी की मुखिया की नीतियों की तारीफ की।
लक्ष्मीनगर जमुनापार में सुभाष इंटर कॉलेज के मैदान में पार्टी मुखिया सुश्री मायावती के जन्मदिन पर आयोजित सभा में मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री राजकुमार गौतम ने कहा कि बसपा ने अपने शासन काल में गरीब बेटियों की शिक्षा की उत्तम व्यवस्था की। उनके लिए बीमा योजना लागू की। एनआरसी के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि आज भाजपा जातिवाद की राजनीति कर रही है। मांट विधायक श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि बहनजी के वर्ष 2022 के सपने को पूरा करना है। सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कड़ी मेहनत करनी होगी, प्रत्येक समाज को जोड़ना होगा। पूर्व विधायक राजकुमार रावत ने कहा कि बसपा ने जो गरीबों को अपने शासनकाल में दिया, उतना दूसरी सरकारें नहीं दे सकी। अध्यक्षता पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. जसराम सिंह और संचालन जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह ने किया।