जरूरतमंदों को बांट रहे काढ़ा, मास्क व भोजन
संवाद सहयोगी मथुरा कोरोना के चलते हुए लॉकडाउन में विभिन्न संस्थाएं जरूरतमंदों को भोजन व राशन सामग्री बांट रही हैं। वहीं कुछ लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क व काढ़ा बनाकर निश्शुल्क बांट रहे हैं। समाजसेवियों का ये सिलसिला लगातार दो महीने से जारी है।
संवाद सहयोगी, मथुरा : कोरोना के चलते हुए लॉकडाउन में विभिन्न संस्थाएं जरूरतमंदों को भोजन व राशन सामग्री बांट रही हैं। वहीं कुछ लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क व काढ़ा बनाकर निश्शुल्क बांट रहे हैं। समाजसेवियों का ये सिलसिला लगातार दो महीने से जारी है।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान द्वारा सायंकालीन भोजन वितरण व्यवस्था जारी है। संस्था सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि सामाजिक संस्थाएं अपने सेवा धर्म का पालन कर पीड़ितों की सेवा कर सनातन परंपरा का निर्वहन कर रही हैं। समिति सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी के नेतृत्व में जरूरतमंदों को भोजन बांटा जा रहा है। साथ ही धार्मिक पर्यटन से जुड़े तीर्थपुरोहितों, पुजारियों, धर्मशाला, होटल संचालकों व पोशाक और श्रृंगार के व्यवसाय से जुड़े लाखों परिवारों के हित को ध्यान में रखते हुए धार्मिक गतिविधियों को शीघ्र ही आरंभ करने की मांग की है।
वृंदावन : प्रियाकांतजू मंदिर के संस्थापक देवकीनंदन ठाकुर के निर्देशन पर रासलीला मंडली से जुड़े परिवारों को राशन सामग्री बांटी। मंगलवार को रमणरेती मार्ग स्थित राधा विनोद लीला संस्थान पर श्रीराम निमाइ व विश्व शांति सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट के सचिव विजय शर्मा ने रासलीला मंडली से जुड़े 60 परिवारों को राशन सामग्री बांटी। रासबिहारी परिकर के रासलीला मंडली से जुड़े जगदीश शर्मा, लक्ष्मण स्वामी और गोकुल गोस्वामी ने कहा कि लॉकडाउन में धार्मिक आयोजन एवं मंदिर बंद होने से लोगों के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। इस दौरान समाजसेवी तुलसी स्वामी ने भी सरकार से धार्मिक कार्यों से जुड़े विप्र बंधुओं को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की। इसमें गजेंद्र सिंह, कमल शर्मा, विष्णु शर्मा, संजू जादौन, जगदीश वर्मा ने सहयोग किया।
कोसीकलां : श्री विश्व कर्मा कौशल विश्वविद्यालय ने गांव फालैन में कैंप लगाकर ग्रामीणों को मास्क बनाना सिखाया। इस अभियान के तहत विश्वविद्यालय राज्य सरकार को 20 लाख मास्क बनवाने में अपना योगदान दे रहा है। साथ ही डॉ. ललित ने युवा एकता संगठन के पदाधिकारियों के साथ मिलकर लोगों को सतर्कता बरतते हुए मास्क बनाने के लिए प्रेरित किया। इसमें मोरमुकुट शर्मा, रामेश्वर, नंदकिशोर, धर्मवीर मास्टर, अशोक मास्टर, प्रेम सुख, राजकुमार, सूरज व बिजेंद्र ने सहयोग किया।
सुरीर : क्षेत्र के बल्देव टेलर ग्रामीणों के लिए कोरोना से बचाव के लिए निश्शुल्क मास्क बनाकर बांट रहे हैं। वे अब तक पांच हजार से अधिक मास्क बांट चुके हैं। एक तरफ बाजार में मास्क की भारी किल्लत है और लोग इसे महंगे दामों पर बेच रहे हैं, जिससे गरीबों के लिए इसे खरीदना मुश्किल हो गया है। बल्देव ने बताया कि लॉकडाउन में काम बंद होने के बाद लोगों को मास्क बांट अच्छा काम करने का विचार मन में आया और हमने इसे शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि आठ घंटे बाद गर्म पानी में उबालकर सैनिटाइज करके फिर से प्रयोग कर सकते हैं। कोरोना से बचाव के लिए बांटा आयुष काढ़ा
मथुरा : एसकेएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन व भाजपा के राष्ट्रीय परिषद सदस्य एसके शर्मा ने पुलिसकर्मियों, अधिवक्ताओं व धौंरेरा गांव वासियों को एसकेएस आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल द्वारा निर्मित आयुष काढ़ा के पैकेट निशुल्क बांटे। शर्मा ने बताया कि कोरोना वायरस से बचने के लिए आयुष काढ़े का सेवन करें। उन्होंने चौमुंहा, अकबरपुर, तरौली, कोसी और छाता गांवों में भी निशुल्क आयुष काढ़े के पैकेट बांटे हैं। इसमें हासानंद गोशाला व कल्याणं करोति के सचिव सुनील शर्मा, डॉ. साहिल सागर, विश्वनाथ, नीरज रावत और धर्मवीर शर्मा ने सहयोग किया।