वामपंथी करने जा रहे देश में बड़ा आंदोलन
भाकपा के राष्ट्रीय सचिव ने भाजपा पर बोला हमला, रोजगार और खाद्य सुरक्षा को लेकर वामपंथी हो रहे एक
जागरण संवाददाता, मथुरा: भाजपा जोड़-तोड़ की राजनीति कर रही है और तोड़फोड़ करना ही उसका काम है। वामपंथी रोजगार और खाद्य सुरक्षा के मसले को लेकर देशभर में एक बड़ा आंदोलन खड़ा करने के लिए जा रहे हैं। इसके लिए वामपंथी एकजुट हो रहे हैं।
कृष्णा विहार में रविवार को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के राष्ट्रीय महासचिव कामरेड दीपंकर भट्टाचार्य ने पत्रकारों से कहा कि संघ और भाजपा नेताओं ने कानून के माध्यम से राम मंदिर निर्माण की बात करना सीधे लोकतंत्र पर हमला करना है। इसके पीछे भाजपा अपनी नाकामी छिपा रही है। केरल में भी सामाजिक तनाव फैलाने का आरोप लगाते हुए भट्टाचार्य ने कहा कि राफेल अब तक सबसे बड़ा घोटाला है। इससे राष्ट्रीय सुरक्षा को भी खतरा है। देश के सबसे बड़े कर्जदार अंबानी को भी मोदी सरकार ने मेक इन इंडिया का ठेका दे दिया है। योगी सरकार के इलाहाबाद जिले के नाम बदलने पर भी उन्होंने तल्ख टिप्पणी की। खाद्य सुरक्षा और रोजगार को लेकर सरकार कोई काम नहीं कर रही है। लोग भूख से मर रहे हैं। इस मसले को लेकर के वामपंथी एकजुट होकर देश में बड़ा आंदोलन कर रहे हैं। महाराष्ट्र के कोरेगांव से इसकी शुरूआत हो चुकी है। पोलित ब्यूरो के सदस्य कामरेड रामजीराय, केंद्रीय कमेटी के सदस्य ईश्वरी प्रसाद, राज्य कमेटी के सदस्य नशीर शाह, विद्याराजवार मौजूद रहे।