ऊर्जा मंत्री के गांव में खंभे को छूते ही बेलदार की मौत
गांव गांठौली की तरफ दौड़े प्रशासनिक पुलिस और विद्युत निगम के अफसर मृतक आश्रित को दिया विभिन्न योजनाओं में आर्थिक सहायता का आश्वासन
संवाद सूत्र, गोवर्धन(मथुरा): ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के गांव गांठौली में गुरुवार सुबह विद्युत खंभे को छूते ही एक बेलदार (मजदूर) की मौत हो गई। खंभे में करंट प्रवाहित हो रहा था। मजदूर की मौत से स्वजन में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर प्रशासनिक, पुलिस और विद्युत निगम के अधिकारी गांव पहुंच गए। ग्रामीणों को समझा-बुझाकर विभिन्न योजनाओं में मृतक आश्रित को लाभ दिलाए जाने का आश्वासन दिया।
थाना गोवर्धन क्षेत्र के गांव गांठौली निवासी किशन सिंह (32) सुबह करीब सात बजे घर से बेलदारी करने के लिए निकला था। गली में लगे विद्युत खंभे से उसका हाथ लग गया। खंभे में प्रवाहित करंट से किशन सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। किशन के बड़े भाई कालीचरन ने बताया, विद्युत खंभे से उसके भाई की कोहनी लग गई। करंट लगते ही वह जमीन पर गिर गया और जब तक उसे उठाते, तब तक मौत हो गई। किशन ने अपनी पीछे चार छोटे बच्चे छोड़े हैं। उन्होंने बताया, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रविकांत कौशिक ने प्रशासन, पुलिस और विद्युत निगम के अधिकारियों को सूचना दी। ऊर्जा मंत्री के गांव में बिजली के खंभे में प्रवाहित करंट से बेलदार की मौत की खबर से प्रशासन, पुलिस और विद्युत निगम के अधिकारियों की नींद उड़ गई। एसडीएम गोवर्धन राहुल यादव, विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता गोवर्धन अविनाश गुप्ता और इंस्पेक्टर थाना गोवर्धन संजीव कुमार दुबे गांव पहुंचे। अधिशासी अभियंता ने बताया, बंदर ने खंभे को हिला दिया था। खंभे पर पड़ी उपभोक्ता की केबिल में कट था। जो खंभे को छू गया। इससे करंट आ गया था। उन्होंने बताया, मृतक के स्वजन को बीस हजार रुपये की सहायता अंत्येष्टि करने के लिए विद्युत निगम की तरफ से दी गई। एसडीएम गोवर्धन ने बताया, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत मृतक के आश्रित को दिलाए जाएंगे। इसके साथ ही राष्ट्रीय पारिवारिक योजना के तहत तीस हजार रुपये और महिला को पेंशन दिलाई जाएगी।
पहले भी हुई करंट से मौत
विद्युत खंभे और पेड़ में करंट आने से पहले भी इंसान और जानवरों करे अपनी जान गंवानी पड़ गई। थाना नौहझील क्षेत्र के गांव जाफरपुर में 27 जुलाई को हाईटेंशन की लाइन जामुन के पेड़ को छूकर गुजर रही थी। इससे पेड़ में करंट आ गया। गांव जाफरपुर निवासी शीशपाल जामुन तोड़ने लगा। इसी दौरान करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। वह खेत पर धान की सिचाई करने के लिए गया था। करीब डेढ़ महीने पहले थाना मगोर्रा के गांव कुदरवन में हाईटेंशन का तार टूट कर गिर गया था। करंट की चपेट में आकर भिक्को की मौत हो गई थी। वृंदावन में परिक्रमा मार्ग स्थित वराह घाट क्षेत्र में विद्युत खंभे में आए करंट से एक गाय की मौत हो गई थी।