आधा दर्जन कॉलोनियों के गुस्साए लोगों ने जाम किया बैराज रोड
सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा नगर निगम के इंजीनियर मौके पर बुलाने और समस्या समाधान के आश्वासन पर ही माने
महुअन, (मथुरा) संसू: यमुना खादर किनारे थाना सदर बाजार क्षेत्र के अंतर्गत करीब आधा दर्जन कॉलोनियां बसी हुई है। यहां सड़क न बनने एवं सड़कों पर जलभराव होने से कॉलोनी वासी परेशान हैं। समस्या के समाधान को लोगों ने मंगलवार को गोकुल बैराज रोड पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर सीओ सदर और सिटी मजिस्ट्रेट पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। सिटी मजिस्ट्रेट के आश्वासन पर लोगों ने जाम को खोला।
सदर बाजार क्षेत्र के अंतर्गत बैराज रोड पर यमुना खादर में गणेश पुरम, श्रीजी बिहार, दाऊजी बिहार एवं नसबंदी कॉलोनी सहित आधा दर्जन कॉलोनियां हैं। सड़क न बनने और सड़क पर जलभराव से गुस्साए लोगों ने बैराज रोड पर जाम लगाया तो वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में फंसे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना पर सीओ सदर धर्मेंद्र दहिया चार थानों की फोर्स, पीएसी, पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। सीओ ने जाम लगा रहे लोगों से बातचीत की लेकिन लोग सिटी मजिस्ट्रेट के मौके पर न पहुंचने से नाराज हो उन्हें बुलाने की मांग पर अड़ गए। सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को फोन कर समस्या से अवगत कराया। नगर निगम ने अपने एई को मौके पर सड़क का सर्वे करने के लिए भेज दिया। तब जाकर लोगों ने जाम खोला।