विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अनंत चतुर्दशी पर बांकेबिहारी मंदिर में उमड़ी भीड़, बाहर श्रद्धालुओं व गार्डों में चले लात-घूंसे

By Vipin Parashar Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 25 Sep 2026 06:57 PM (IST)

अनंत चतुर्दशी पर वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ के दौरान श्रद्धालुओं और सुरक्षा गार्डों के बीच हाथापाई हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने ले जाकर समझौता कराया।

बांकेबिहारी मंदिर के बाहर भिड़ते श्रद्धालु और सिक्योरिटी गार्ड्स।

बांकेबिहारी मंदिर के बाहर भिड़ते श्रद्धालु और सिक्योरिटी गार्ड्स।

HighLights

  1. दिल्ली के श्रद्धालुओं और सुरक्षागार्डों में हुई हाथापाई।

  2. पुलिस हस्तक्षेप के बाद थाने में हुआ दोनों पक्षों का समझौता।

संवाद सहयोगी, वृंदावन। अनंत चतुर्दशी पर ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में शुक्रवार को भीड़ उमड़ी। मंदिर के गेट संख्या चार के पास दिल्ली के श्रद्धालुओं और सुरक्षागार्डों में हाथापाई हो गई। दोनों ओर से जमकर लात-घूंसे चले। श्रद्धालु महिलाओं ने भी सुरक्षागार्डों को पीटा। पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने पहुंची, थाने मेें दोनों के बीच समझौता हो गया।

ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के चलते भक्तों की भीड़ में वृद्धि हो गई। ऐसे में मंदिर में प्रवेश से लेकर निकास और मंदिर के आसपास भीड़ जमा न हो, इसके लिए सुरक्षा गार्ड और पुलिस लगातार प्रयास कर रहे थे।

इसी दौरान सुबह लगभग साढ़े 11 बजे दिल्ली से अपनी मां, भाभी, बहन के साथ आए नकुल गौतम मंदिर के गेट संख्या चार से दर्शन करके बाहर निकले और गेट के समीप अपने किसी साथी का इंतजार करने के लिए खड़े हो गए। गेट के सामने भीड़ जमा न होने पाए।

इसलिए ड्यूटी पर तैनात राजस्थान सिक्योरिटी के गार्ड कृष्ण कुमार ने उनसे आगे चले जाने की बात कही। इसी बात को लेकर नकुल और सुरक्षागार्ड में बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों ओर से हाथापाई शुरू हो गई और श्रद्धालु महिलाएं भी गार्ड के साथ मारपीट करने लगीं। देखते ही दूसरे गार्ड और पुलिसकर्मी बीच बचाव को पहुंचे।

लेकिन, दोनों ओर से जमकर लात घूंसे चलने लग गए। मौके पर पहुंचे बिहारीजी पुलिस चौकी प्रभारी शिवकुमार दोनों पक्षों को पुलिस चौकी ले गए। जहां दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत के बाद समझौता हो गया और श्रद्धालु परिवार गंतव्य को चला गया।

कोतवाली प्रभारी अश्विनी कुमार ने बताया झगड़े के बाद श्रद्धालु परिवार व गार्ड के बीच समझौता हो गया। गेट के सामने खड़े होने पर मना करने से श्रद्धालुओं के साथ मारपीट हो गई थी।