दलितों को न्याय दिलाने को एससी-एसटी कानून में संशोधन
गोवर्धन पहुंच केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने चातुर्मास अनुष्ठान में लिया भाग, बिछुआ कुंड पर बन रहे वृद्धाश्रम का किया शिलान्यास, मंत्रालय करेगा सहयोग
संवाद सहयोगी, गोवर्धन: केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास अठावले ने केंद्र सरकार के संशोधित एससी-एसटी एक्ट को जायज ठहराया। कहा कि पुराने कानून की रक्षा के लिए संशोधन बिल पास किया है। यह बिल जबरन किसी पर लागू नहीं होता। दलितों का उत्पीड़न न हो इसलिए यह बनाया गया है। इसमें नया कुछ नहीं है।
गोवर्धन परिक्रमा स्थित शंकराचार्य आश्रम पर स्वामी अद्योक्षजानंद देवतीर्थ महाराज के सान्निध्य में चातुर्मास अनुष्ठान चल रहा है। अनुष्ठान में भाग लेने सोमवार देर रात पहुंचे केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने अद्योक्षजानंद से आशीर्वाद लिया। उन्होंने गोवर्धन के प्राचीन बिछुआ कुंड पर बनने वाले वृद्धाश्रम की पट्टिका का अनावरण कर शिलान्यास किया। पत्रकारों से केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यहां आकर बहुत सुकून और सम्मान मिला है। गोवर्धन की पवित्र नगरी में स्वामी जी द्वारा बनवाए जा रहे वृद्धाश्रम को उनका मंत्रालय सहयोग करेगा।
अठावले ने सवर्णों को दलितों से अच्छे संबंध बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि संविधान में सभी को सम्मान से जीने का अधिकार है। उनके मंत्रालय के अंतर्गत दलित, पिछडे़, विकलांगों के उत्थान को सैकड़ों योजनाएं चल रही हैं। इस वित्तीय वर्ष में दलित कंपोनेंट प्लान का बजट 55 हजार 619 करोड़ रुपये है। मंत्रालय द्वारा छात्रवृत्ति सहित स्किल डेवलपमेंट ट्रे¨नग भी संचालित हैं। स्वामी अद्योक्षजानंद देवतीर्थ ने कहा कि मंत्री रामदास अठावले विकासशील सोच वाले नेता हैं। चातुर्मास अनुष्ठान में भाग लेने आए हैं। वृद्धाश्रम खोलने के हमारे अनुरोध पर मंत्री उसका शिलान्यास करने आए हैं। जल्द ही इस आश्रम को संचालित किया जाएगा।