साबरमती एक्सप्रेस की चपेट में आने वाला था यात्री, जीआरपी ने मौत के मुंह से खींचकर बचाई जान
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर साबरमती एक्सप्रेस और प्लेटफॉर्म के बीच पैर फंसने से एक यात्री की जान खतरे में ...और पढ़ें
HighLights
आगरा कैंट पर यात्री का पैर ट्रेन-प्लेटफॉर्म के बीच फंसा।
बड़ा हादसा टला, पुलिसकर्मियों की बहादुरी की सराहना।
जागरण संवाददाता, आगरा। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर बुधवार को जीआरपी के जवानों की तत्परता और साहस से एक यात्री की जान बच गई। प्लेटफार्म नंबर पांच पर साबरमती एक्सप्रेस के पहुंचने के दौरान यात्री का पैर ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंस गया। ट्रेन के चलते रहने से वह धीरे-धीरे रेलवे ट्रैक की ओर खिंचने लगा।
कुछ ही पल में स्थिति बेहद गंभीर हो गई। घटना को देखते ही प्लेटफार्म ड्यूटी पर तैनात जीआरपी की क्यूआरटी टीम सक्रिय हो गई। पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर यात्री को बचाने का प्रयास शुरू किया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जवानों ने अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना जोखिम उठाया और यात्री को पकड़कर पूरी ताकत से प्लेटफार्म की ओर खींच लिया। समय रहते यात्री को ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जीआरपी की इस त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। अगर कुछ सेकंड की भी देरी होती तो यात्री ट्रेन की चपेट में आ सकता था। मौके पर मौजूद यात्रियों ने पुलिसकर्मियों की बहादुरी और सूझबूझ की सराहना की। घटना के बाद स्टेशन पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
जीआरपी अधिकारियों के अनुसार, प्लेटफार्म पर ड्यूटी कर रही टीम ने स्थिति को तत्काल भांपते हुए कार्रवाई की, जिससे यात्री की जान बच सकी। पुलिसकर्मियों की इस कार्रवाई को कर्तव्यपरायणता, साहस और मानवता की मिसाल बताया गया।
जीआरपी आगरा कैंट की इस कार्रवाई ने रेलवे यात्रियों की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता को सामने रखा है। अधिकारियों ने टीम की तत्परता की सराहना की। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा कर्मियों की सतर्क मौजूदगी किसी की जिंदगी बचाने में निर्णायक साबित हो सकती है।
