एडीजी सुरक्षा को जन्मभूमि के सीसीटीवी कैमरे खराब मिले
निरीक्षण में सुरक्षा को पुख्ता करने पर दिया जोर, 140 सीसीटीवी कैमरे लगेंगे, रेड जोन में बनेगा कंट्रोल रूम, अभी नहीं खुलेगा बगीचा
मथुरा, जासं। एडीजी सुरक्षा ने जन्मभूमि का निरीक्षण किया। इस दौरान सीसी टीवी खराब मिले। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा को पुख्ता करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ध्यान रखने को कहा।
एडीजी सुरक्षा विजय कुमार ने त्रिमासिक निरीक्षण करने के बाद बताया कि सुरक्षा को कैसे मजबूत किया जाए। इस पर विचार किया गया है। रेड जोन में सीसी टीवी का कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। 140 सीसी टीवी का प्रस्ताव भेजा गया है। इससे सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान सीसी टीवी खराब मिले हैं। सुरक्षा के लिए फोर्स और मोर्चा बढ़ाए जाएंगे। संभव है कि दो कंपनी और बढ़ाई जाएं। निर्देशित किया गया है जन्मभूमि पर स्वस्थ पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाए। श्रद्धालुओं से अभद्र व्यवहार नहीं होना चाहिए। जन्मभूमि को नो फ्लाइंग जोन बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। उन्होंने बताया कि जन्मभूमि का पार्क (बगीचा) को श्रद्धालुओं के लिए खोला नहीं जाना है। डीआइजी लवकुमार, डीएम सर्वज्ञराम मिश्र, एसएसपी बबलू कुमार, एसपी सिटी श्रवण कुमार, एसपी सुरक्षा ज्ञानेंद्र कुमार, सीओ सिटी विजय शंकर मिश्र आदि उपस्थित थे।