51 मिले संक्रमित मरीज, दो की मौत
अलीगढ़ के टप्पल की रहने वाली थी महिलाशहर के बुजुर्ग की आगरा में हुई मौत
जागरण संवाददाता, मथुरा: कोसीकलां में पांच मरीजों समेत 51 नए कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है। वहीं 28 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। अब जिले में 377 एक्टिव केस रह गए हैं। तीन सप्ताह के बाद दो मरीजों की मौत हो गई है, जिनमें अलीगढ़ के टप्पल निवासी एक महिला और शहर के एक वृद्ध शामिल हैं।
रविवार को जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र ने बताया कि कि गली पातीराम, जतीपुरा गोवर्धन, पुलिस चौकी के सामने गुजर गली मथुरा, जनरलगंज, कृष्णपुरी, राधा निवास, कृष्णापुरम में एक-एक संक्रमित मरीज की पुष्टि हुई है। वहीं अशोका सिटी, मोतीकुंज, शांति नगर, राजागढ़ी में दो-दो कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। टाउनशिप में तीन, कोसी में एक किशोर समेत पांच, श्याम दासी महिला सदन में तीन वृद्धा, छाता में किशोरी समेत चार, गोवर्धन तथा वृंदावन में तीन-तीन मरीज मिले हैं। राल, दौताना, रुकमिणी विहार, इंद्रप्रस्थ एन्क्लेव, प्रोफेसर कालोनी, मांट, किशनपुरा इटावा, बलदेव, राया, निजी हास्पिटल, बरसाना, ओमेक्स सिटी, पागल बाबा वृंदावन में एक-एक तथा शहर के अलग-अलग मुहल्लों दो मरीजों की पुष्टि हुई है। अब जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 5709 है। वहीं ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 5231 है। जिलाधिकारी ने बताया कि अलीगढ़ के टप्पल निवासी एक 45 वर्षीय महिला की मौत केडी हास्पिटल में हुई है। वहीं शहर के 65 वर्ष के एक बुजुर्ग की आगरा में मौत हुई है। अब जिले में कुल मौतों का आंकड़ा 101 पर पहुंच गया है। बिना मास्क के 200 वाहन चालकों के काटे चालान
कोसीकलां : शहर में बिना मास्क चलने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाया। इसके तहत 200 वाहन चालकों के चालान काटे गए। इससे शहर के वाहन चालकों में खलबली मच गई। कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लोगों को मास्क पहनने को आवश्यक बनाने के लिए पुलिस ने अभियान चलाया। घंटाघर इलाके में अधिकतर बिना मास्क के ही लोग वाहनों पर फर्राटा भर रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोककर मास्क की याद दिलाई और उनके चालान काटे। इससे वाहन चालकों में खलबली मच गई। अचानक लोग मास्क की खरीदारी के लिए दुकानों पर पहुंचे। वहीं सहायता टीम ने निश्शुल्क लोगों को मास्क वितरित किए। पुलिस ने चालान काटने के बाद मास्क के प्रयोग को आवश्यक बताया और हिदायत देकर छोड़ा। इंस्पेक्टर प्रमोद पंवार ने बताया कि मास्क के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।