मशाल जुलूस निकालकर सौंपा 12 सूत्रीय मांग पत्र, नौ को करेंगे कार्यबंदी
संवाद सहयोगी मथुरा कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा उत्तर प्रदेश द्वारा 12 सूत्रीय मांगों को लेक
संवाद सहयोगी, मथुरा : कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा उत्तर प्रदेश द्वारा 12 सूत्रीय मांगों को लेकर वट वृक्ष से कलक्ट्रेट तक मशाल जुलूस निकाला गया। कर्मचारी समूह ने मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव को संबोधित ज्ञापन डिप्टी कलक्टर मीतेश वर्मा को सौंपा। साथ ही आगामी नौ दिसंबर को प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन कार्यबंदी की घोषणा की।
अध्यक्ष वीपी मिश्र व महासचिव शशि कुमार मिश्र ने बताया कि संयुक्त मोर्चा द्वारा प्रदेश भर के मंत्री-विधायक, विधान परिषद सदस्य समेत मुख्यमंत्री को समस्याओं से अवगत कराया जा चुका है लेकिन अभी तक इसका कोई संज्ञान नहीं लिया गया है। 12 सूत्रीय मांग पत्र में पुरानी पेंशन बहाल करने, कर्मचारियों को समय से वेतन-भत्ते दिए जाने, सेवारत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को गंभीर रोग के इलाज के लिए कैशलेस इलाज की व्यवस्था किए जाने, ईपीएफ व ईएसआइ बीमा आदि की सुविधाएं देने, केजीएमयू कर्मचारियों का संवर्गीय पुनर्गठन किया जाने, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती खोलकर स्वीकृत पदों पर सीधी भर्ती कराए जाने की मांग शामिल रही। इस दौरान जिलाध्यक्ष सतीश कुमार गौतम, संरक्षक पीडी गौतम, मंत्री एसपी गौतम, चंद्रशेखर पांडेय, गिरीश चंद मिश्र, सुरेश कुमार रावत, अतुल मिश्रा, अमरनाथ सिंह, नंदकिशोर, मनोज मिश्रा, घनश्याम यादव आदि मौजूद रहे। जानलेवा हमले का आरोपित गिरफ्तार: थाना जमुनापार पुलिस ने शनिवार को जानलेवा हमले के आरोप में फरार चल रहे आरोपित बिजली घर के पास लक्ष्मीनगर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपित ने एक युवक की हत्या करने की मंशा से पेट में गोली मार दी थी।
थाना जमुनापार प्रभारी निरीक्षक शशि प्रकाश शर्मा ने बताया, हाथरस जिले के थाना मुरसान क्षेत्र के गांव सुसावली निवासी हरवीर सिंह के ऊपर दो दिन पहले जानलेवा हमला किया था। बताया गया है, विजेंद्र सिंह नशे में था। वह अपनी पत्नी से झगड़ा कर रहा था। उसके हाथ में तमंचा लगा हुआ था। हरवीर ने महिला को बचाने का प्रयास किया। इसी बीच विजेंद्र सिंह ने गोली चला दी, जो हरवीर सिंह के पेट से रगड़ते हुए निकल गई। आशा गढ़ी निवासी पूरन सिंह ने थाना जमुनापार में विजेंद्र सिंह के खिलाफ नामजद रिपोर्ट कराई थी। घायल पूरन सिंह का साला है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया, आरोपित की गिरफ्तारी को एसआइ राकेश कुमार को लगाया गया था। आज आरोपित विजेंद्र सिंह की लक्ष्मी नगर स्थित बिजली घर के समीप लोकेशन मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हमले में प्रयोग 315 बोर के तमंचा को बरामद कर लिया गया।