दरवाजे पर लटका मिला युवक का शव
कांशीराम कालोनी में सनसनीखेज वारदात, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता : शहर की कांशीराम कॉलोनी में सोनू कश्यप (20) का शव चौथी मंजिल की छत पर सीढि़यों के दरवाजे से लटका मिला। शरीर पर चोट के निशान हैं।
मृतक सोनू कश्यप (23) के पिता अवधेश की मृत्यु दो साल पहले हो गई थी। सोनू छह भाइयों में दूसरे नंबर का था। बड़ा भाई अपनी पत्नी के साथ अलग रहता है। सोनू अविवाहित था। मजदूरी कर अपने भाइयों व मां का भरण-पोषण करता था। गुरुवार शाम सात बजे तक अपने छोटे भाइयों के साथ घर में बैठकर लूडो खेली थी। तभी एक युवती ने फोन कर सोनू को अपने पास बुलाया। रात 10 बजे सोनू वापस लौटा। उनका परिवार चौथी मंजिल पर रहता है। परिजनों ने देर से आने का कारण पूछा तो कोई जवाब नहीं दिया। सोने के लिए छत पर जाने लगा। परिजनों ने सर्दी के चलते नीचे सोने को कहा लेकिन, अनसुना कर दिया।
परिजन सुबह जागे तो छत की सीढि़यों के दरवाजे पर सोनू का शव फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया, लेकिन उसके भाई सनी ने खुदकशी की तहरीर दी है। घटना को लेकर परिजन कोई वजह नहीं बता पा रहे हैं। कोतवाली के इंस्पेक्टर कानून व्यवस्था विनोद कुमार ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता चल सकेगा। उसी आधार पर कार्रवाई होगी।