सड़क हादसों में महिला की मौत, एक व्यक्ति घायल
मैनपुरी जासं। घिरोर क्षेत्र में पति के साथ जा रही एटा निवासी महिला की बाइक से गिरकर मौत हो गई। वहीं बिछवां क्षेत्र में कार की टक्कर लगने से बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया। पुलिस बमुश्किल जाम खुलवाने में सफल हो सकी।
जासं, मैनपुरी: घिरोर क्षेत्र में पति के साथ जा रही एटा निवासी महिला की बाइक से गिरकर मौत हो गई। वहीं बिछवां क्षेत्र में कार की टक्कर लगने से बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया। पुलिस बमुश्किल जाम खुलवाने में सफल हो सकी।
घिरोर: एटा के थाना मलावन क्षेत्र के गांव जैतपुर निवासी सुघर सिंह बुधवार दोपहर अपनी पत्नी मीना देवी (44) को बाइक पर बिठाकर दवा दिलाने घिरोर के गांव नगला बरियार फाजिलपुर जा रहे थे। थाना घिरोर क्षेत्र में करहल मार्ग पर ढकरई-फाजिलपुर के बीच सड़क पर गिट्टी पड़ी थी। सुघर सिंह की बाइक गिट्टी पर अनियंत्रित हो गई। इससे बाइक पर बैठी उनकी पत्नी खुद को संभाल नहीं सकी और गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें घिरोर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सुघर सिंह ने थाना घिरोर पुलिस को तहरीर दी है।
बिछवां: थाना क्षेत्र के गांव सुरजपुर निवासी जयवीर सिंह बुधवार सुबह अपनी बाइक से कुरावली जा रहे थे। थाना बिछवां क्षेत्र में जीटी रोड पर सूरजपुर के सामने एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी। जयवीर सिंह सड़क पर गिरकर घायल हो गए। वहीं टक्कर लगने के बाद कार असंतुलित होकर एक पेड़ से टकरा गई। चालक कार को छोड़कर फरार हो गया। जानकारी मिलने पर घायल के परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने जीटी रोड पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर आधा घंटे बाद जाम खुलवाया। तब आवागमन सुचारु हो सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक नशे की हालत में था, लेकिन वहां मौजूद लोग घायल की मदद करने में जुट गए। इसलिए उसे पकड़ नहीं सके। वह लड़खड़ाते हुए गायब हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।