विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अक्टूबर में लगाएं सर्दियों के फूल, नवंबर-दिसंबर तक महकेगा आपका घर और बगीचा

By Saurabh Kumar Shukla Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 13 Oct 2026 07:37 PM (IST)

सर्दियों में घर की बालकनी और आंगन को रंग-बिरंगे फूलों से सजाने के लिए अक्टूबर का महीना सबसे उपयुक्त है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. गेंदा, गुलदाउदी, गुलाब जैसे फूल घर की सुंदरता बढ़ाएंगे।

  2. पर्याप्त धूप, खाद और उचित सिंचाई से पौधे स्वस्थ रहेंगे।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। सर्दियों में घर की बालकनी, छत और आंगन को रंग-बिरंगे फूलों से सजाना चाहते हैं तो अक्टूबर का महीना सबसे उपयुक्त है। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ ही सर्दियों में खिलने वाले फूलों के पौधे लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। अभी पौधे लगाने पर नवंबर और दिसंबर तक घर की फुलवारी फूलों से खिल उठेगी।

खास बात यह है कि कम जगह में भी गमलों के जरिये खूबसूरत बगीचा तैयार किया जा सकता है। सर्दियों की फुलवारी के लिए गेंदा, गुलदाउदी, गुलाब, डहेलिया और पेटूनिया अच्छे विकल्प हैं। इन फूलों के अलग-अलग रंग घर की सुंदरता बढ़ाते हैं। वहीं, मोगरा जैसे सुगंधित पौधे भी घर के वातावरण को खुशनुमा बनाते हैं। पौधे लगाने के लिए ऐसी जगह चुनें, जहां पर्याप्त धूप आती हो।

गमलों में मिट्टी के साथ गोबर की सड़ी खाद या कंपोस्ट मिलाने से पौधों को पोषण मिलता है। मिट्टी में जल निकासी की उचित व्यवस्था भी जरूरी है, ताकि जड़ों में पानी जमा न हो। नर्सरी संचालक राहुल राजपूत ने बताया कि अक्टूबर में सर्दियों के फूलों के पौधों की मांग बढ़ने लगती है। इस समय पौधे लगाने से उन्हें बढ़ने के लिए अनुकूल मौसम मिलता है।

पौधों में जरूरत के अनुसार पानी देना चाहिए। अधिक सिंचाई से बचने के साथ सूखी पत्तियों को समय-समय पर हटाते रहें। पौधों को पर्याप्त धूप और खाद मिलने से उनकी वृद्धि अच्छी होती है। थोड़ी सी नियमित देखभाल से नवंबर-दिसंबर में घर की फुलवारी रंगों और खुशबू से महक उठेगी।

पौधे का नाम - कीमत

  • गेंदा - 10–20 रुपये
  • गुलदाउदी - 30–50 रुपये
  • गुलाब - 15–80 रुपये
  • डहेलिया - 40–60 रुपये
  • पेंटूनिया - 25–40 रुपये
  • मोगरा - 20–100 रुपये