पंचायत के 194 पदों के लिए 51 केंद्रों पर आज पड़ेंगे वोट
पंचायत उप चुनाव शनिवार को होगा। दो ग्राम प्रधान एक बीडीसी और 191 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए मतदान किया जाएगा। अधिकारियों ने कमान संभाल रखी है। शनिवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा।
जासं, मैनपुरी: जिले में 194 पदों के लिए शनिवार को मतदान होगा। 51 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से वोट डाले जाएंगे। मतदान पार्टियां बूथों पर पहुंच गई। मतदान के दौरान पुलिस के पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। चुनाव दो ग्राम प्रधान, एक बीडीसी और 191 ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए हो रहा है।
शनिवार को होने वाले पंचायत उप चुनाव के लिए शुक्रवार को जिलास्तरीय अधिकारी संबंधित ब्लाकों से मतदान पार्टियों को रवाना कराने में जुटे रहे। कुरावली और घिरोर में तो अधिकारियों ने मतदान पार्टियों की रवानगी को लेकर मौके पर ही डेरा जमा लिया। कुरावली ब्लाक की ग्रामसभा नगला ऊसर के प्रधान पद के लिए 1122 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर छह दावेदारों की किस्मत तय करेंगे। वहीं, ग्रामसभा सलेमपुर, रोशिगपुर, अलुपुरा, रीछपुरा, बिछिया विक्रमपुर, नानामऊ नगला ऊसर के 64 वार्डो पर ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए वोट डाले जाएंगे। नौ पार्टियों को इसकी जिम्मेदारी दी गई है।
घिरोर में ग्राम पंचायत नसीरपुर में प्रधान पद को दो दावेदार मैदान में हैं, करीब दो हजार मतदाता इसकी किस्मत तय करेंगे। बीडीसी सदस्य के अलावा दो पंचायतों ओय, नसीरपुर के ग्राम सदस्य पद के लिए भी वोट डाले जाएंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेट की देखरेख में पोलिग पार्टियां रवाना हुई तो एडीएम बी. राम ने भी इस काम को देखा।
ब्लाक जागीर क्षेत्र में 13 ग्राम पंचायतों के 33 सदस्य पदों के लिए मतदान होगा। करहल ब्लाक में 21 ग्राम पंचायत सदस्यों का चुनाव होगा। पांच पोलिग पार्टियों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। ग्राम पंचायत अहलादपुर में दो, ग्राम पंचायत पतारा में एक, ग्राम पंचायत कुतुबपुर बुजुर्ग में एक, ग्राम पंचायत नदरैला में इसके लिए बूथ बनाया गया है। ग्राम पंचायत कुतुबपुर बुजुर्ग के वार्ड नंबर दसमजरा नगला खुंडे में दो महिला प्रत्याशी सरला देवी और सोनी आमने-सामने हैं, यहां पर मात्र सात मतदाता है। इसके अलावा मैनपुरी और किशनी ब्लाक में भी ग्राम सदस्य पद के लिए वोट डाले जाएंगे।
एसडीएम बनाए जोनल मजिस्ट्रेट
पंचायतों के खाली पदों पर होने वाले मतदान के लिए एसडीएम को जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी दी गई है। तहसीलदार और अन्य जिलास्तरीय अधिकारी सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। मैनपुरी ब्लाक में एसडीएम सदर ऋषिराज, घिरोर में एसडीएम अनिल कटियार, कुरावली में एसडीएम मानसिंह पुंडीर, जागीर में एसडीएम भोगांव सुधीर कुमार, किशनी में एसडीएम रामसकल मौर्य और करहल में एसडीएम रतन वर्मा को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। तीन स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात
चुनाव में शांति और निष्पक्ष चुनाव के लिए डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र महेंद्र पाल सिंह को कुरावली, जिला दिव्यांगजन अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह सिंह को घिरोर में प्रधान पद के लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाया है, जबकि चंकबंदी अधिकारी संजय राय को बीडीसी के लिए घिरोर में स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाया है।
-
पंचायत के खाली पदों के लिए शनिवार को वोट डाले जाएंगे। पुलिस सुरक्षा के बीच सभी पार्टियां संबंधित केंद्रों पर भेज दी गई हैं। पुलिस सुरक्षा भी रहेगी।
-ईशा प्रिया, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी।