रक्षाबंधन से पहले सौगात: मैनपुरी के इस रूट पर आगरा के लिए सीधी रोडवेज शुरू, गांव वालों ने चालक-परिचालक को खिलाई मिठाई
मैनपुरी डिपो ने किशनी के गांव रठेह से आगरा के लिए सीधी बस सेवा शुरू की है। यह बस ग्रामीण ...और पढ़ें

HighLights
रठेह से आगरा के लिए सीधी बस सेवा शुरू।
मैनपुरी डिपो ने ग्रामीण यात्रियों की सुविधा बढ़ाई।
बस प्रतिदिन सुबह चलकर शाम को वापस किशनी।
संवाद सूत्र, किशनी (मैनपुरी)। ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में सुविधा के लिए मैनपुरी डिपो के एआरएम संजीव कुमार द्वारा किशनी क्षेत्र के गांव रठेह से आगरा के लिए सीधी बस चलाई गई है। मंगलवार को चालक-परिचालक बस लेकर किशनी बस स्टैंड पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने उन्हें मिठाई खिलाकर स्वागत किया। बस आगरा से वापसी में मैनपुरी बस स्टैंड होते हुए किशनी पहुंचेगी।
प्रतिदिन सुबह चलेगी बस
बस लेकर पहुंचे चालक अवधेश यादव एवं परिचालक प्रदीप कुमार ने बताया कि यह बस प्रतिदिन किशनी के गांव रठेह से सुबह सात बजे चलकर सात बजकर तीस मिनट पर किशनी बस स्टैंड आएगी। यहां से समान कटरा, सौज, कुर्रा, करहल, सिरसागंज, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद, टूंडला होते हुए दोपहर बारह बजे आगरा पहुंचेगी।
इसके बाद एक बजे आगरा से चलकर शाम 5:30 बजे मैनपुरी बस स्टैंड आएगी। यहां से चलकर भांवत, लेखराजपुर व समान कटरा होते हुए किशनी बस स्टैंड आएगी। किशनी बस स्टैंड पर रात्रि विश्राम कर सुबह गांव रठेह पहुंचेगी।
आगरा से वापसी पर मैनपुरी बस स्टैंड होते हुए आएगी किशनी
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बस के चलने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को काफी आराम मिलेगा। इस दौरान भाजपा के मंडल महामंत्री बाबी भदौरिया, स्टेशन इंचार्ज सुरेश चौहान, गोपाल कठेरिया, जावेद खान, अशोक सक्सेना, मुनेश सविता, मयंक रावत आदि मौजूद रहे।
ग्रामीण अंचल के लोगों को आवागमन में सुविधा मिले इसके लिए नए रूट चिन्हित किए गए हैं। सर्वे का कार्य पूरा हो गया है। जल्द ही अन्य चिह्नित रूटों पर भी बसों का आवागमन शुरू करा दिया जाएगा।
संजीव कुमार, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मैनपुरी डिपो
