217 रंगरूट बने पीएसी में सिपाही, होगी तैनाती
मैनपुरी जासं। पुलिस लाइन में प्रशिक्षण ले रहे पीएसी रंगरूटों का पुलिस लाइन के सभागार में दीक्षा समारोह आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने उनके पद और कर्तव्य की शपथ दिलाई। पुलिस लाइन के परेड मैदान में पानी भरे होने के कारण परेड का भव्य आयोजन नहीं किया जा सका।
जासं, मैनपुरी: पुलिस लाइन में प्रशिक्षण ले रहे पीएसी रंगरूटों का पुलिस लाइन के सभागार में दीक्षा समारोह आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने उनके पद और कर्तव्य की शपथ दिलाई। पुलिस लाइन के परेड मैदान में पानी भरे होने के कारण परेड का भव्य आयोजन नहीं किया जा सका।
लखनऊ, गाजियाबाद और आगरा के भर्ती 240 पीएसी रंगरूटों को 24 दिसंबर 2019 को प्रशिक्षण के लिए मैनपुरी पुलिस लाइन में भेजा गया था। यहां छह महीने का प्रशिक्षण होने के बाद परीक्षा हुई, जिसमें 23 अनुतीर्ण हो गए। सफल 217 रंगरूटों का दीक्षांत समारोह गुरुवार को आयोजित किया गया। समारोह को लेकर रंगरूटों ने काफी तैयारियां की थी, लेकिन बरसात के चलते परेड मैदान में पानी भर गया। इसके चलते परेड का आयोजन सभागार में हुआ।
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार पांडेय ने रंगरूटों को शपथ दिलाने के साथ ही उनके उज्वल भविष्य की कामना करते हुए संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि अब आपको कर्तव्य के पद पर आगे बढ़ते जाना है। प्रशिक्षण के बाद आयोजित परीक्षा में प्रथम स्थान पाने वाले विकास ठाकुर, द्वितीय स्थान पर महेंद्र कुमार रहे वहीं तृतीय स्थान पर रहे महेश कुमार को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह, सीडीओ ईशा प्रिया, एएसपी मधुवन कुमार सिंह, सीओ सिटी अभय नारायण राय मौजूद रहे।