जेब से उड़ाया तीन लाख के जेवर से भरा पर्स
भोगांव बस स्टैंड पर जेबकतरों ने बस से उतर रहे एक व्यक्ति से जेबकतरों ने जेवर से भरा पर्स पार कर दिया। घटना से अन्य यात्री दहशत में आ गए।
भोगांव, संवादसूत्र। भोगांव बस स्टैंड पर जेबकतरों ने बस से उतर रहे एक व्यक्ति की जेब से तीन लाख रुपये कीमत के जेवर से भरा पर्स जेबकतरों ने पार कर दिया। घटना से अन्य यात्री दहशत में आ गए।
छिबरामऊ के गांव पालपुर निवासी संतोष कुमार की पुत्री प्रियंका की ससुराल थाना भोगांव के गांव रकरी में है। कुछ दिन पहले प्रियंका अपने मायके गई थी। शनिवार को संतोष कुमार प्रियंका को ससुराल छोड़ने के लिए रकरी जा रहे थे। वह छिबरामऊ से भोगांव जाने के लिए रोडवेज बस में सवार हो गए। बेटी के जेवरों की सुरक्षा के लिए जेवरों को एक पर्स में रखने के बाद उसे जेब में रख लिया। भोगांव में बस स्टैंड पर बस से उतरते समय जेबकतरों ने उनकी जेब से पर्स पार कर दिया। कुछ देर में पता चलने पर उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसी बीच जेबकतरे वहां भाग गए। पुलिस पहुंची और जेबकतरों की तलाश की, लेकिन वे हाथ नहीं आए।
जेवर से भरा पर्स चोरी चले जाने से प्रियंका का रो-रोकर बुरा हाल था। रिपोर्ट थाना भोगांव में दर्ज कराई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी के जरिए जेबकतरों की तलाश में जुट गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड पर जेबकतरों का आतंक है। बस से उतरते-चढ़ते समय यात्रियों की जेब साफ कर देते हैं। अब तक इस प्रकार की दर्जनों घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस इन पर कार्रवाई नहीं कर रही है।