राजा का बाग-देवी रोड पर 10 दिन से आवागमन बंद
खोदाई के नाम पर रोक लगाई। इसके कारण यहां दुकानदारों का व्यवसाय ठप हो गया है। क्षेत्रीय नागरिक घूमकर जाने को मजबूर हैं।
मैनपुरी, जासं। शहर कोतवाली के बराबर से राजा का बाग होकर देवी रोड को जोड़ने वाला रास्ता दस दिन से बंद है। जल निगम ने पाइप लाइन बिछाने को मार्ग को खोदाई कर छोड़ दिया है। आवागमन बंद होने से वाहनों को दूसरे रोड से गुजरना पड़ रहा है। यहां के दुकानदार बेहाल हैं। आबादी को भी दूसरी गलियों से होकर निकलना पड़ रहा है।
शहर के मार्गो को कुछ दिन पहले गैस पाइप लाइन बिछाने के नाम पर खोदा गया था। यह मार्ग सही नहीं हो पाया कि जल निगम ने फिर से खोदाई शुरू कर दी है। राजा का बाग से देवी रोड को जोड़ने वाले मार्ग दस दिन से बंद कर रखा है। राजा के बाग के प्रवेश मार्ग पर खोदाई होने से आबादी को ज्यादा दूरी तय कर जिदगी की गाड़ी चलानी पड़ रही है। वहीं, दुकानदार आजीविका ठप होने से हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं।
वहीं आश्रम रोड की सड़क को मशीन से काटा जा रहा है, मलबा भी दुकानों के सामने छोड़ा जा रहा है। बीते दस दिन से इस मार्ग पर खोदाई और कटाई का चल रहा काम दुकानदार और वाहन चालकों के लिए सिरदर्द बन गया है। आश्रम रोड पर बढ़ा वाहनों का दबाव
राजा का बाग मार्ग बंद होने से दोपहिया और कारों का दबाव अब आश्रम रोड पर बढ़ गया है। इसी वजह से इस मार्ग पर अब जाम के हालात बनने लगे हैं। जल निगम का काम कछुआ गति से और मलबा पड़ा होने से आधा रह गया है।
नागरिकों की बात- राजा का बाग का रास्ता बंद होने से अब कचहरी रोड जाने के लिए दोपहिया वाहन से दूरी बढ़ गई है। दुकानदारी भी प्रभावित हो रही है। कई दिन से रास्ता बंद है।
- कैलाश मिश्रा।
राजा का बाग से रास्ता बंद है, आश्रम रोड खोदकर डाला जा रहा है। गिट्टियां सड़क पर पड़ने से मोटरसाइकिल स्लिप हो जाती हैं। परेशानी हो रही है। अनुराग।
-- शहर में आश्रम और देवी रोड पर पानी की लाइन डालने का काम चल रहा है। नागरिकों को परेशानी हो सकती है। राजा का बाग रास्ता जल्द सही होगा।
- आरके शर्मा, अधिशासी अभियंता, जल निगम।