युवक की हत्या कर खेत में फेंकी लाश, सीने पर गोली का निशान
सीने पर गोली और शरीर पर हैं चोटों के निशान नोएडा में प्राइवेट नौकरी करता था परिजन नहीं दे पा रहे जानकारी।
कुरावली, संसू। नोएडा में प्राइवेट नौकरी कर रहे अविवाहित युवक की हत्या कर लाश को कुरावली क्षेत्र के एक खेत में फेंक दिया गया। युवक के सीने पर गोली मारी गई है और शरीर पर चोटों के कई निशान भी हैं। परिजन कुछ नहीं बता पा रहे हैं।
थाना कुरावली क्षेत्र अंतर्गत गांव मनोना के ग्रामीण गुरुवार सुबह किचौरा जाने वाली सड़क पर जा रहे थे। तभी पास ही एक गेहूं के खेत में युवक का शव पड़ा दिखा। शव तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक की उम्र 30 वर्ष के आसपास है। कुछ देर में ग्रामीणों की भीड़ लग गई। शव की पहचान नेम सिंह निवासी गांव बुर्रा परौंख कोतवाली मैनपुरी के रूप में हुई। मृतक की मां व छोटा भाई मौके पर आए। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। दोनों बड़े भाई बाहर रहकर नौकरी कर रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि नेम सिंह नोएडा की एक कंपनी में प्राइवेट नौकरी करता था। तीन माह पहले ही वह नोएडा गया था और उसके बाद से घर नहीं आया। कभी-कभी फोन पर बात कर परिजन उसका हालचाल पूछ लेते थे। पिछले कुछ दिनों से फोन भी नहीं आया। नेमसिंह की हत्या किसने और क्यों की, यह परिजन नहीं बता पा रहे हैं। नोएडा में हत्या कर शव यहां फेंका है अथवा यहीं हत्या की है, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से जानकारी की। कुछ लोगों का कहना है कि शव को बुधवार रात में ही यहां फेंका गया है। बुधवार को इस स्थान पर शव नहीं था। इंस्पेक्टर कुरावली ओमहरी वाजपेई ने बताया कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण पता चल सकेगा।