चीनी खा रही लगातार भाव, रक्षाबंधन से पहले 15 दिन में ही आ गया बाजार में बड़ा उछाल
मैनपुरी में रक्षाबंधन से पहले चीनी के दाम में 15 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है, जिससे खुदरा भाव ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
खुदरा बाजार में चीनी का भाव 65 रुपये प्रति किलो।
त्योहारी सीजन में मिठाइयों की कीमतें 25-30% तक बढ़ेंगी।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। रक्षाबंधन से शुरू होने वाले त्योहारों के मौसम में इस बार मिठास पर महंगाई का असर पड़ सकता है। चीनी के दामों में पिछले 15 दिन में करीब 15 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। खुदरा बाजार में इसका भाव 65 रुपये किलो तक पहुंच गया है। कारोबारियों के अनुसार, पुराना स्टाॅक कम होने और मांग के मुकाबले आपूर्ति घटने से कीमतों में तेजी आई है।
आने वाले दिनों में रक्षाबंधन, गणेशोत्सव, जन्माष्टमी और दीपावली जैसे त्योहारों के चलते खपत बढ़ने से भाव में और उछाल की आशंका है।कारोबारियों का कहना है कि वर्तमान में बाजार की मांग की तुलना में करीब आधी चीनी ही उपलब्ध हो पा रही है। इस बार चीनी का उत्पादन भी पिछले वर्ष की तुलना में करीब पांच प्रतिशत कम बताया जा रहा है।
नया पेराई सत्र अक्टूबर के अंत या नवंबर की शुरुआत में शुरू होगा। इससे पहले बाजार में उपलब्ध स्टाक पर ही निर्भरता रहेगी। चीनी मिलों द्वारा एथेनाल उत्पादन को प्राथमिकता देने का असर भी चीनी की उपलब्धता पर पड़ा है। मिठाई कारोबारियों के अनुसार कच्चे माल की लागत 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ने से त्योहारों पर मिठाइयों की कीमत बढेगी।
बाजार में चीनी की आवक मांग के मुकाबले काफी कम है। पहली बार भाव 62 रुपये किलो के पार पहुंचा है। त्योहार नजदीक आने पर खपत बढ़ेगी, जिससे कीमतों में और तेजी संभव है।- नीरज गुप्ता, थोक व्यापारी
15 दिन पहले चीनी 48 से 50 रुपये किलो बिक रही थी। अब भाव 65 रुपये किलो तक पहुंच गया है। स्टाक कम होने से थोक में ही महंगी मिल रही है।- भगवान दयाल भन्नू, फुटकर विक्रेता
