हॉस्टल के कमरे में लटका मिला छात्रा का शव
भोगांव के नवोदय विद्यालय में कक्षा 11 में पढ़ती थी किशोरी परेशान करते थे छात्र परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता। नवोदय विद्यालय में पढ़ रही कक्षा 11 की छात्रा का शव हॉस्टल में फंदे पर लटका मिला। छात्रा के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं वहीं विद्यालय प्रशासन घटना को खुदकशी बता रहा है। विद्यालय के कुछ छात्रों के आए दिन उसे परेशान किए जाने की बात भी सामने आई है।
शहर के आगरा रोड निवासी सुभाष चंद्र पांडेय की पुत्री अनुष्का पांडेय उर्फ दीक्षा भोगांव स्थित नवोदय विद्यालय में कक्षा 11 की छात्रा थी। कुछ दिन से विद्यालय के छात्रों द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत परिजनों से कर रही थी। परिजनों ने विद्यालय प्रशासन को समस्या से अवगत कराया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। रविवार को छात्रा दिन भर काफी परेशान रही। सूत्रों के मुताबिक उसे रात में भी देर तक टहलते देखा गया। अनुष्का हॉस्टल के जिस हॉलनुमा कमरे में रहती थी उसमें तीस अन्य छात्राएं भी रहती हैं। बाहर एक छोटा कमरा है। यहां से बाहर जाने के लिए दूसरा दरवाजा लगा है। सोमवार सुबह छह बजे छात्राओं की गणना के लिए सीटी बजी तो छात्राओं ने देखा कि दरवाजा बाहर से बंद था। धक्का मारकर खोला तो बाहरी कमरे में अनुष्का का शव फंदे पर लटक रहा था।
छात्राओं ने उसे फंदे से उतारकर विद्यालय प्रशासन को जानकारी दी। विद्यालय कर्मी छात्रा को लेकर अस्पताल आए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। छात्रा की कमर, पीठ व नाक पर चोटों के निशान थे। छात्रा की मां ने विद्यालय प्रशासन और कुछ छात्रों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर डीएम पीके उपाध्याय, एसपी अजय शंकर राय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर जांच की है। विद्यालय के प्रधानाचार्या सुषमा सागर ने घटना को खुदकशी बताते हुए तहरीर दी है। सीओ भोगांव प्रयांक जैन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का सही कारण पता चल सकेगा। उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।