मुलायम को छोड़ अखिलेश सहित पूरे यादव कुनबे के खिलाफ प्रत्याशी उतारेंगे शिवपाल
मैनपुरी में करहल से पूर्व विधायक मानिकचंद यादव के आवास पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि सेक्युलर मोर्चा कन्नौज, बदायूं सहित प्रदेश की सभी 80 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगा।
मैनपुरी (जेएनएन)। समाजवादी पार्टी से किनारे होकर शिवपाल सिंह यादव अब फुल फॉर्म में हैं। समाजवादी सेक्युलर मोर्चा का गठन करने के बाद प्रदेश भर का दौरा कर रहे हैं। शिवपाल सिंह यादव इस बार मैनपुरी को छोड़कर लोकसभा की सभी 80 सीट पर अपनी पार्टी के प्रत्याशी खड़ा करेंगे। मैनपुरी में वह मुलायम सिंह यादव के खिलाफ प्रत्याशी नहीं उतारेंगे। अखिलेश यादव के साथ ही यादव परिवार के अन्य प्रत्याशियों के खिलाफ की उनके प्रत्याशी ताल ठोकेंगे।
मैनपुरी में करहल से पूर्व विधायक मानिकचंद यादव के आवास पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि सेक्युलर मोर्चा कन्नौज, बदायूं सहित प्रदेश की सभी 80 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगा। वहीं मुलायम सिंह यादव मैनपुरी से सेक्युलर मोर्चा के प्रत्याशी होंगे। इस दौरान शिवपाल सिंह यादव ने साफ किया कि समाजवादी पार्टी या फिर यादव परिवार से सुलह का कोई प्रस्ताव आता है तो उस पर विचार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अब तो हमने कदम आगे बढ़ा दिया है, अब तो हम आगे ही बढ़ते जाएंगे। उन्होंने कहा कि सेक्युलर मोर्चा इस बार लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव के खिलाफ कन्नौज, धर्मेंद्र यादव के खिलाफ बदायूं, अक्षय सिंह यादव के खिलाफ फीरोजाबाद तथा तेज प्रताप सिंह यादव के खिलाफ भी प्रत्याशी उतारेगा।
शिवपाल सिंह यादव ने गठबंधन की राजनीति पर कहा कि बहुजन समाज पार्टी जैसे सभी समान विचारधारा वाली पार्टियों से गठबंधन की कोशिश होगी। समाजवादी विचारधारा वाले लोग भाजपा के साथ नहीं जा सकते। भाजपा में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह सब बेकार की बातें हैं। यह बातें वहीं लोग फैला रहे हैं, जिनका हमने दो वर्ष तक इंतजार किया कि वो हमको तथा नेताजी को सम्मान दे दें। ना तो भाजपा से हमने कोई बात की और न ही हमको भाजपा की तरफ से कोई प्रस्ताव आया है।
समाजवादी पार्टी से किनारा करने के बाद से ही शिवपाल सिंह यादव अपने भतीजे तथा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ चुनावी रणनीति बनाने में जी जान से जुटे हैं। समाजवादी सेकुलर मोर्चा के संयोजक शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी सेक्युलर मोर्चा यूपी में अपना परचम लहराएगा इस पर तो वह कुछ नहीं कहेंगे, लेकिन हम मोर्चे के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर अपना कर्म करेंगे। शिवपाल ने आगे कहा कि उनका समाजवादी सेक्युलर मोर्चा यूपी की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगा।