सर्दी ने दे दी है दस्तक, बसेरों से अभी तक बेखबर पालिका
मैनपुरी जासं सर्दी ने दस्तक दे दी है। सुबह और रात को हवा में ठंडक घुल रही है।
मैनपुरी, जासं : सर्दी ने दस्तक दे दी है। सुबह और रात को हवा में ठंडक घुल रही है। लोग बचाव के इंतजामों में जुटने लगे हैं, लेकिन बेसहारा लोगों के सामने समस्या खड़ी हो रही है। अभी तक सर्दी से राहत के नाम पर रैन बसेरों के इंतजाम भी शुरू नहीं कराए गए हैं। पालिका प्रशासन बेसहारों की चिता से पूरी तरह बेखबर हैं।
सर्दियां शुरू हो चुकी हैं। कोर्ट के भी निर्देश हैं कि मौसम के प्रतिकूल प्रभाव से बेसहारों और निराश्रितों की राहत के लिए अस्थायी रैन बसेरों के इंतजाम कराए जाएं। पालिका प्रशासन द्वारा अभी तक ऐसा कुछ भी नहीं किया गया है। रैन बसेरों के नाम पर सिर्फ एनजीओ ने करहल रोड पर श्रृंगार नगर में स्थित शेल्टर होम की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
शेल्टर होम प्रबंधक शेखर कुमार ने बताया कि यहां 100 बिस्तरों के प्रबंध हैं। पांच साल के लिए भवन को लीज पर लिया गया है। फिलहाल दो सफाई कर्मचारी यहां ठहर रहे हैं। बाकी कमरे खाली पडे़ हैं। निराश्रितों को निश्शुल्क ठहराने के लिए यहां बेड के साथ रजाई, गद्दे उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा सामान आदि रखने के लिए अलमिरा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इन स्थानों पर होती है रैन बसेरों की जरूरत
शहर में रोडवेज बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, कचहरी रोड के आगे कोतवाली के पास और तांगा स्टैंड पर अस्थायी रैन बसेरों की जरूरत है। हालांकि पिछले साल तांगा स्टैंड और बस स्टेशन पर प्रबंध कराए गए थे। इस संबंध में चर्चा की गई है। नवंबर की शुरुआत के साथ ही अस्थायी रैन बसेरों के इंतजाम कराए जाएंगे। यहां निगरानी के लिए चौकीदारों को भी तैनात किया जाएगा।
मनोरमा देवी, चेयरमैन नगर पालिका परिषद।