शैलपुत्री के पूजन के लिए उमड़े भक्त, दिलों में दिखी आस्था
मैनपुरी जासं। नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में सुबह से ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शहर के देवी मंदिरों में कलश स्थापना के साथ घरों में भी पूजा अर्चना की गई। पहले दिन घरों में कलश स्थापना करने के बाद भक्तों ने दुर्गा की प्रथम शक्ति मां शैलपुत्री की पूजा की। उसके बाद आरती कर मंदिरों में जाकर माता के दर्शन किए। यही नजारा कस्बा से गांव तक देखने को मिला।
जासं, मैनपुरी: नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में सुबह से ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शहर के देवी मंदिरों में कलश स्थापना के साथ घरों में भी पूजा अर्चना की गई। पहले दिन घरों में कलश स्थापना करने के बाद भक्तों ने दुर्गा की प्रथम शक्ति मां शैलपुत्री की पूजा की। उसके बाद आरती कर मंदिरों में जाकर माता के दर्शन किए। यही नजारा कस्बा से गांव तक देखने को मिला।
शहर के शीतला देवी मंदिर पर शनिवार सुबह तड़के तीन बजे से मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की लाइन लगना शुरू हो गई थी। माता के दर्शन के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए थे। सुबह चार बजे कपाट खुलने से पहले ही भक्तों की आमद शुरू हो गई थी। कतारबद्ध ढंग से पुलिस सुरक्षा के बीच श्रद्धालुओं को दर्शन कराए गए। दिन चढ़ने के साथ ही भीड़ बढ़ती गई। फल-फूल धूप, दीप, अगरबत्ती और प्रसाद आदि चढ़ाकर भक्तों ने मां की उपासना की। शीतला माता के दर्शन करने के बाद भक्तों ने थोड़ी दूर स्थित काली मंदिर पर भी माथा टेका और अपने परिवार की कुशलता के लिए मन्नतें मागी। शहर के कचहरी रोड स्थित देवी मंदिर और देवी रोड स्थित दुर्गा मंदिर पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। आवास विकास स्थित गायत्री माता के मंदिर पर श्रद्धालुओं ने पहले दिन हवन पूजन कर माता को प्रसाद चढ़ाया। अन्य मंदिरों में भी माता के पूजन का सिलसिला जारी रहा है।