PNG कनेक्शनधारकों के सिलिंडर शो-पीस: HPCL से मैनपुरी-कन्नौज के 18000 उपभोक्ताओं की बुकिंग बंद
मैनपुरी और कन्नौज में 18,835 पीएनजी उपभोक्ताओं के एलपीजी सिलिंडर की बुकिंग एचपीसीएल ने बंद कर दी है। यह कदम ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
एचपीसीएल ने 18,835 पीएनजी उपभोक्ताओं की बुकिंग रोकी।
मैनपुरी-कन्नौज में एलपीजी सिलिंडर अब बुक नहीं होंगे।
शासन की नीति के तहत पीएनजी पर निर्भरता बढ़ाई जा रही।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। खाड़ी देशों के बीच हुए युद्ध के बाद घरेलू सिलिंडर की किल्लत देख शासन ने पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) पर निर्भरता बढ़ाई है। मैनपुरी के साथ कन्नौज जिले में पीएनजी आपूर्ति का जिम्मा हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) को सौंपा गया है। बदली व्यवस्था के अनुसार कंपनी द्वारा एक अक्टूबर को दोनों जिलों के 18835 उपभोक्ताओं को वाट्सएप पर मैसेज भेजकर एलपीजी सिलिंडर बुकिंग की उनकी व्यवस्था को ब्लाक कर दिया है। एलपीजी धारक उपभोक्ता अब अपने सिलिंडर बुक नहीं कर पाएंगे।
एचपीसीएल द्वारा जिले में पीएनजी की सप्लाई दी जानी है। शहर में ज्यादातर कालोनियों में पाइप लाइन बिछाकर रसोई घर तक गैस की आपूर्ति आरंभ करा दी गई है।
लगभग 4200 उपभोक्ता ऐसे हैं, जिनके पीएनजी से चूल्हा जल रहा है। शासन की व्यवस्थानुसार हर उपभोक्ता को एलपीजी सिलिंडर सरेंडर करना होगा। सभी को पीएनजी की आपूर्ति ही पहुंचाई जाएगी।
एचपीसीएल ने मैनपुरी व कन्नौज के 18835 उपभोक्ताओं को दी जानकारी
गुरुवार की शाम एचपीसीएल द्वारा मैनपुरी व कन्नौज जिले के 18835 पीएनजी उपभोक्ताओं को मैसेज के माध्यम से जानकारी भेज दी कि वे अब अपने एलपीजी सिलिंडर की बुकिंग नहीं करा पाएंगे। अचानक पहुंचे मैसेज के बाद शुक्रवार को संबंधित एजेंसियों पर अपने सिलिंडर से संबंधित जानकारी के लिए उपभोक्ता पहुंचते रहे। एचपीसीएल अब सभी के बुकिंग नंबरों को भी ब्लाक करने की तैयारी कर रहा है।
एजेंसियां भी भेज रहीं उपभोक्ताओं को नोटिस
एजेंसियों के स्तर से भी अपने एलपीजी कनेक्शनधारकों को नोटिस पहुंचाने का कार्य आरंभ कर दिया गया है। रेलवे स्टेशन रोड पर चंद्रा गैस एजेंसी के संचालक सतीश चौहान का कहना है कि कंपनियों के स्तर से पहले ही यह जानकारी दे दी गई थी। लगातार एजेंसियों से भी उपभोक्ताओं तक संदेश पहुंचाए जा रहे थे। अब पीएनजी कनेक्शनधारकों के कनेक्शन को कंपनियों के स्तर से ऑनलाइन ही ब्लॉक किया जा रहा है।
ये है जिले की स्थिति
- 30 गैस एजेंसी जिले में संचालित हो रही हैं
- 17 इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड की हैं
- 09 भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड की हैं
- 04 हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड की हैं
- 173949 उपभोक्ता उज्ज्वला कनेक्शनधारक हैं
- 287428 उपभोक्ता सामान्य एलपीजी सिलिंडर धारक हैं
मैसेज तो आया है। इस संबंध में अपनी गैस एजेंसी से भी जानकारी कराऊंगा। इससे पहले कोई जानकारी नहीं दी गई थी। पूरी जानकारी करने के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा।
अजय शुक्ला, आवास विकास कॉलोनी
अभी मैसेज तो नहीं आया है, लेकिन यह व्यवस्था गलत है। कंपनी सिलिंडर सरेंडर करा देगी। कभी पीएनजी की लाइन खराब होगी तो उपभोाक्ताओं के सामने भोजन का संकट बन जाएगा।
अरविंद गुप्ता, आगरा रोड।
