विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली से पहले आएगी किसानों के चेहरे पर खुशी, खातों में पहुंचेगी सम्मान निधि की किस्त

By Saurabh Kumar Shukla Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 27 Oct 2026 02:21 PM (IST)

दीपावली से पहले मैनपुरी के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त मिलेगी, जिससे उन्हें खेती और त्योहार ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। दीपावली से पहले जिले के किसानों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत 30 अक्टूबर को पात्र किसानों के बैंक खातों में दो-दो हजार रुपये भेजे जाने हैं। त्योहार से पहले मिलने वाली यह राशि किसानों को खेती-किसानी के साथ त्योहार की जरूरतें पूरी करने में मदद करेगी।

जिले में योजना के तहत करीब 4.07 लाख किसान पंजीकृत हैं। इनमें से 3.14 लाख किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है। हालांकि किस्त का लाभ पाने के लिए पात्रता के साथ जरूरी अभिलेखों का सही होना भी आवश्यक है। उप कृषि निदेशक नरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को साल में छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।

यह राशि दो-दो हजार रुपये की तीन किस्तों में सीधे बैंक खातों में भेजी जाती है। इससे किसानों को बीज, खाद और अन्य कृषि संबंधी जरूरतें पूरी करने में मदद मिलती है। 24वीं किस्त जारी होने से पात्र किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।

ई-केवाइसी अधूरी है तो जल्द कराएं पूरी

कृषि विभाग ने किसानों से ई-केवाइसी पूरी कराने की अपील की है। जिन किसानों ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, वे पीएम-किसान के आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध सुविधा के माध्यम से आधार आधारित ई-केवाइसी करा सकते हैं। जरूरत पड़ने पर नजदीकी जनसेवा केंद्र (सीएससी) की मदद भी ली जा सकती है।

इसके साथ ही किसान अपने बैंक खाते, आधार विवरण और योजना में दर्ज जानकारी का मिलान कर लें। फार्मर रजिस्ट्री या अभिलेखों में किसी तरह की त्रुटि होने पर समय रहते उसे ठीक कराएं, ताकि भुगतान में परेशानी न हो।